RANCHI: सिटी के सभी पोल का मेकओवर कराया जाएगा और इस पर इलेक्ट्रिक कियोस्क लगाए जाएंगे। यह काम रांची नगर निगम एक महीने के अंदर पूरा कर लेगा। इसके लिए एजेंसी के सेलेक्शन की प्रक्रिया जल्द चालू होगी। इसके बाद जिसे भी बैनर-पोस्टर, होर्डिग या बोर्ड लगाना होगा उसे उसकी कीमत हर हाल में चुकानी होगी। कियोस्क लगने के बाद निगम द्वारा प्रति पोल दर भी तय कर दी जाएगी। अब तक पोल पर कोई भी संस्था अपना विज्ञापन टांग जाती थी। अब अगर किसी को पोल पर पोस्टर या बोर्ड लगाना है तो रांची नगर निगम में आवेदन देना होगा। जिसके बाद तय शुल्क भी अदा करना होगा।

नगर निगम से परमिशन जरूरी

रांची नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि रांची शहर में जितने भी इलेक्ट्रिक पोल हैं, सभी पर निगम द्वारा कियोस्क लगाया जाएगा। अब पोल पर जो भी लोग बोर्ड या प्रचार करेंगे उनको कियोस्क में ही अपना बोर्ड लगाना होगा। पोल पर निगम का कियोस्क लगा होगा, उसके बाद वहां जगह नहीं बचेगा। इसलिए लोगों को हर हाल में अगर पोल पर बोर्ड लगाना है तो निगम से परमीशन लेना होगा।

सरकारी पोल पर निजी संस्थाओं का हो रहा प्रचार

रांची शहर में बिजली सप्लाई के लिए लगाए गए पोल का निजी संस्थाएं अपने प्रचार में उपयोग कर रही हैं। जबकि सरकारी पोल पर प्रचार बोर्ड लगाना अवैध है, लेकिन जिले में खुलेआम प्रशासन की आंखों के सामने नियमों की अवहेलना हो रही है। इससे जहां लोगों को असुविधा होती है। वहीं बिजली कर्मचारियों को खराब हुई बिजली ठीक करने में भी दिक्कत होती है। साथ ही रांची नगर निगम को कोई राजस्व भी नहीं मिलता है। रांची में रोड और कॉलोनी में बिजली सप्लाई के लिए विद्युत निगम की ओर से पोल लगाए हुए है। प्रशासन की अनदेखी के चलते इन पोल पर जगह-जगह प्रचार बोर्ड लगाए गए है। शहर में हर जगह निजी स्कूलों के एडमिशन संबंधित प्रचार बोर्ड, निजी अस्पताल के बोर्ड, राजनीतिक पार्टियों के प्रचार बोर्ड लगे हुए है।

वर्जन

शहर के इलेक्ट्रिक पोल में निगम की ओर से कियोस्क लगाया जाएगा, इसके लिए एजेंसी चयन करने का प्रॉसेस शुरू कर दिया गया है। अब प्रति पोल की दर से नगर निगम प्रचार बोर्ड लगाने वालों से चार्ज वसूलेगा।

--शंकर यादव, अपर नगर आयुक्त, रांची नगर निगम

Posted By: Inextlive