17 दिनों से चली आ रही लेखपालों की हड़ताल से जनता बेहाल

हजारों आवेदन पेंडिंग, कलेक्ट्रेट पर लगातार चल रहा धरना

ALLAHABAD: एक पखवारे से अधिक समय से चल रही लेखपालों की हड़ताल का असर दिखने लगा है। जिले भर में खसरा, खतौनी, आय-जाति प्रमाणपत्र आदि का काम ठप हो जाने से लोग परेशान हो रहे हैं। उनके कई जरूरी काम रुक गए हैं। हड़ताल के आगे तहसीलों के अधिकारी और कर्मचारी भी लाचार हो गए हैं। उधर, लेखपालों का कहना है कि जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी वह पीछे नहीं हटेंगे। शासन द्वारा मांगों पर तनिक भी विचार नहीं किए जाने से उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

तीस हजार आवेदन पेंडिंग

शासन ने भले ही खसरा-खतौनी समेत आय-जाति, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, डोमेसाइल, खेतों की पैमाइश, वरासत आदि का आवेदन लगभग ऑनलाइन कर दिया है लेकिन इनमें लेखपाल की संस्तुति के बाद ही जारी किया जाता है। लेकिन, जिले भर के 832 लेखपालों के बेमियादी हड़ताल पर चले जाने से ऐसे कई प्रमाणपत्र जारी होना बंद हो गए हैं। वर्तमान में तीस हजार से अधिक आवेदन जिले की तमाम तहसीलों में अटके पड़े हैं। जिसके चलते पब्लिक तहसील मुख्यालयों का चक्कर काटकर परेशान हो रही है।

कलेक्ट्रेट परिसर में धरना

उप्र लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राम सिंह यादव, पूर्व जिला संगठन मंत्री हनुमान तिवारी, कृष्ण शंकर मिश्रा और लालजी पाठक, रामलाल आदि के नेतृत्व में पिछले सत्रह दिनों से कलेक्ट्रेट परिसर में लेखपालों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। नेताओं का कहना है कि प्रदेशव्यापी हड़ताल में सूबे के 37 हजार लेखपाल शामिल हैं। राजस्व मंत्री से तीन बार वार्ता विफल होने के बाद सरकार टस से मस नहीं हो रही है। इस हड़ताल से सर्वाधिक किसान प्रभावित हो रहे हैं। उनकी मांगों में पांच लेखपाल पर एक राजस्व निरीक्षक नियुक्त करना, लेखपाल को उप राजस्व निरीक्षक कहलाया जाना और पे ग्रेड 2800 रुपए किए जाने आदि मुख्य हैं।

-----------

चुनावी कामकाज भी प्रभावित

लेखपालों की हड़ताल से हजारों पब्लिक ही नहीं, चुनावी प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। अगले साल विधानसभा और नगर निकाय चुनाव होने हैं। इनकी वोटर लिस्ट के सत्यापन में लेखपालों को भी लगाया गया है लेकिन उन्होंने अपने हाथ पीछे खीच लिए हैं। ऐसे में चुनाव से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहा है। अगर सरकार ने लेखपालों की मांगों पर विचार नहीं किया तो पब्लिक अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Posted By: Inextlive