देहरादून में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

सुनील उनियाल गामा को शपथ दिलाएंगे गढवाल कमिश्नर

अन्य निकायों में भी शपथ ग्रहण आज ही होंगे।

दून में मेयर-पार्षद शपथ ग्रहण

समय: सुबह 11 बजे

स्थान: नगर निगम परिसर

देहरादून

प्रदेश के 84 नगर निकायों में चुनाव संपन्न होने के बाद नगर प्रमुख और वार्ड पार्षद-सभासद आज पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। देहरादून नगर निगम के मेयर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम परिसर में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित कुछ अन्य मंत्री व विधायक मौजूद रहेंगे.गढ़वाल मंडल कमिश्नर शैलेश बगोली नव निर्वाचित मेयर सुनील उनियाल गामा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके लिए नगर निगम परिसर में ही करीब 1500 लोगों के सिटिंग अरेंजमेंट का शपथ ग्रहण स्थल तैयार कराया गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

मेयर अकेले, पार्षद 10-10 के गु्रप में लेंगे शपथ:

देहरादून नगर निगम के मेयर पद के लिए सुनील उनियाल गामा को गढवाल कमिश्नर शैलेश बगौली मंच पर आमंत्रित कर सबसे पहले पद एवं गोपनीयता का शपथ दिलाएंगे। इसके बाद मेयर 100 पार्षदों में से 10-10 के ग्रुप में मंच पर बुलाकर शपथ दिलाएंगे। ऐसे में कुल 11 बार शपथ दिलाई जाएगी।

ऋषिकेश में डीएम दिलाएंगे शपथ: देहरादून के अलावा ऋषिकेश नगर निगम की नवनिर्वाचत मेयर अनिता मंमगाई को डीएम एस ए मुरुगेशन शपथ दिलाएंगे। विकासनगर ,हरबर्टपुर, मसूरी और डोईवाला में नगर पालिका अध्यक्षों को वहीं के एसडीएम शपथ दिलाएंगे। इसके बाद नगर प्रमुख अपने सभाषदों को शपथ दिलाएंगे।

दून के चौथे मेयर पद की शपथ लेंगे गामा:

देहरादून नगर निगम 2003 में अस्तित्व में आया। पहली मेयर मनोरमा डोबरियाल शर्मा बनी, दूसरे मेयर विनोद चमोली,तीसरे कार्यकाल में फिर विनोद चमोली मेयर बने। विनोद चमोली दो बार मेयर रहे। ऐसे मे सुनील उनियाल गामा देहरादून नगर निगम के तीसरे मेयर होंगे, लेकिन वे निर्वाचित चौथे मेयर के रूप में शपथ लेंगे।

विजेताओं के गेस्ट भी आमंत्रित:

शपथ ग्रहण समारोह के आयोजक के तौर पर नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि नवनिर्वाचित मेयर पद प्रत्याशी समेत सभी विजेता पार्षदों को अपने पर्सनल गेस्ट कार्यक्रम में बुलाने के लिए एक्स्ट्रा इनविटेश भी दिए गए है।

7 निगम, 39 पालिका,38 परिषद:

प्रदेश के 92 में से 84 नगर निकायों में हाल ही में चुनाव संपन्न हुए हैं। इनमें पांच निगमों में भाजपा और दो में कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। देहरादून नगर निगम में भाजपा के सुनील उनियाल गामा,ऋषिकेश में भाजपा की अनीता ममगाई,हल्द्वानी में भाजपा के जोगेन्द्र रौतेला, रूद्रपुर में भाजपा के रामपाल, काशीपुर में भाजपा की उषा चौधरी शपथ लेंगी। दूसरी तरफ कोटद्वार में कांग्रेस की हेमलता नेगी और हरिद्वार में कांग्रेस की अनीता शर्मा शपथ लेंगी।

सभी निकायों में एक ही दिन शपथ: प्रदेश के सभी निकायों में शपथ का एक ही दिन तय किया गया था। संडे को सभी जगह शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे। सभी जगह लगभग समय भी एक ही रखा गया है। निकायों में देर रात तक कार्यक्रमों की तैयारियां चलती रही।

Posted By: Inextlive