लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज चर्चा में आ गए हैं। उन्हें अपना टिकट कटने का डर सता रहा है।

lucknow@inext.co.in
LUCKNOW: उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज को अपना टिकट कटने का डर सता रहा है। उन्होंने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय को एक लेटर लिखा है जिसमें किसी और को टिकट दिए जाने पर खराब नतीजों का सामना करने की आशंका जताई है। वह पार्टी को यह बताने से भी नहीं चूके कि उनकी बदौलत ही भाजपा ने उन्नाव में कई सालों बाद जीत हासिल की। कहा, उन्नाव की सभी विधानसभा सीटों पर भी उनकी बदौलत ही भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। दावा किया कि वे गठबंधन प्रत्याशी अरुण कुमार शुक्ला और कांग्रेस की अन्नू टंडन की जमानत तक जब्त करा देंगे। पार्टी को यह भी चेताया कि वह किसी और सीट से चुनाव लडऩे के इच्छुक नहीं हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर यह लेटर वायरल होने के बाद उन्होंने लेटर लिखने की बात को खारिज करते हुए इसे विरोधियों की साजिश करार दे डाला।

जातिगत समीकरण भी बताए

साक्षी महाराज ने टिकट मिलने की उम्मीद में पार्टी की विचारधारा से इतर जाते हुए जातिगत समीकरणों का हवाला भी दिया। ये भी कहा कि मेरे अलावा जिले में ओबीसी का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। यदा-कदा पार्टी पर ओबीसी की उपेक्षा का आरोप भी लगता रहता है। उन्होंने उन्नाव के सभी छह एमएलए का जिक्र करने के साथ उनकी जातियां भी गिनाने से गुरेज नहंी किया। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, एमएलसी राज बहादुर चंदेल और जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह सेंगर को भी इस फेहरिस्त में शामिल कर लिया। हैरत की बात यह है कि लेटर में साक्षी महाराज ने लिखा कि उन्होंने पांच सालों में अपने संसदीय क्षेत्र में दिन-रात कड़ी मेहनत करके करोड़ों रुपये लगाकर पार्टी की स्थिति को मजबूत किया है। यह भी कहने से नहीं चूके कि अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर अन्य सांंसदों की अपेक्षा वह अपनी पहचान बनाने में सफल रहे हैं।

cVIGIL : मोबाइल ऐप के जरिए चुनाव आयोग से करें आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत

लोकसभा चुनाव 2019 : मतदान से जुड़ी हर बात जानें इस ऐप से

Posted By: Shweta Mishra