लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने 39 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। नई सूची में वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी का नाम नहीं है।

कानपुर। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश की 29 व पश्चिम बंगाल की 10 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इस सूची में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रीता बहुगुणा जोशी व सत्यदेव पचौरी को लोकसभा चुनाव का टिकट दिया गया है। वहीं केंद्र में मंत्री मेनका गांधी व वरुण गांधी की संसदीय सीटों में बदलाव किया गया है।
प्रयागराज से रीता बहुगुणा जोशी व कानपुर से सत्यदेव पचौरी
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को प्रयागराज सीट से लोकसभा चुनाव के लिए टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि वह इस सीट से पूर्व में भी सांसद रह चुकी हैं। इस सीट से पिछली बार श्यामाचरण गुप्त ने बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता था। वहीं कानपुर से पार्टी ने यूपी सरकार में मंत्री सत्यदेव पचौरी को उम्मीदवार बनाया है। बीते लोकसभा चुनाव में बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। कानपुर की पड़ोसी सीट अकबरपुर से पार्टी ने एक बार फिर देवेंद्र सिंह भोले पर भरोसा जताया है। वह पिछली बार भी इसी सीट से सांसद चुने गए थे।
मेनका गांधी व वरुण गांधी के बीच सीटों की अदला-बदली
केंद्र सरकार में मंत्री व वर्तमान में पीलीभीत से सांसद मेनका गांधी इस बार सुल्तानपुर लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। पिछली बार इस सीट से उनके बेटे वरुण गांधी ने चुनाव जीता था। उन्हें इस बार पीलीभीत से दिया गया है। वरुण गांधी पूर्व में भी पीलीभीत से सांसद चुने जा चुके हैं। सुल्तानपुर के बगल में ही गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली अमेठी लोकसभा सीट भी है। जहां से वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सांसद हैं। इस सीट पर उनके मुकाबले बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को फिर उतारा है। गांधी परिवार की सदस्य मेनका गांधी के सुल्तानपुर से चुनाव लड़ने से सभी की नजर इस सीट पर होगी।

BJP releases list of 29 candidates for Uttar Pradesh & 10 candidates for West Bengal for #LokSabhaElections2019 pic.twitter.com/GePR3s4tQs

— ANI (@ANI) March 26, 2019

पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया को इटावा से टिकट
बीजेपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया को इटावा से उम्मीदवार बनाया है। कठेरिया ने पिछला लोकसभा चुनाव आगरा संसदीय क्षेत्र से जीता था। इस बार वहां से उनकी जगह एसपी सिंह बघेल को टिकट दिया गया है। धौरहरा लोकसभा सीट से पार्टी ने रेखा वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
रामपुर से जयाप्रदा को टिकट
अभिनेत्री व राजनेता जयाप्रदा को बीजेपी ने रामपुर से टिकट दिया है। यहां उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के आजम खान से होगा। जयाप्रदा अतीत में इस सीट से सपा के टिकट पर चुनाव जीत चुकी हैं व उन्होंने हाल ही में बीजेपी का दामन थामा है। वहीं कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के मुकाबले पार्टी ने सुब्रत पाठक को उतारा है। फर्रुखाबाद से मुकेश राजपूत को टिकट दिया गया है।
गाजीपुर से मनोज सिन्हा व चंदौली से महेंद्र नाथ पाण्डेय को टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने गाजीपुर सीट से एक बार फिर केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को टिकट दिया है। वहीं चंदौली सीट से पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महेंद्रनाथ पाण्डेय उम्मीदवार होंगे। बलिया से वीरेंद्र सिंह मस्त को उम्मीदवार बनाया गया है। सलेमपुर से रवीद्र कुशवाहा, बांसगांव से कमलेश पासवान, कुशीनगर से विजय दुबे व महाराजगंज से पंकज चौधरी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

डुमरियागंज से जगदंबिका पाल होंगे उम्मीदवार

डुमरियागंज से पार्टी ने वरिष्ठ नेता जगदंबिका पाल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं गोंडा से कीर्तिवर्धन सिंह बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। बस्ती से हरीश द्विेदी को टिकट दिया गया है। जालौन लोकसभा सीट से 2019 के चुनाव में पार्टी के टिकट पर भानुप्रताप वर्मा चुनाव लड़ेंगे। वहीं हमीरपुर से पुष्पेंद्र सिंह चंदेल उम्मीदवार होंगे। फतेहपुर से साध्वी निरंजन ज्योति उम्मीदवार होंगी। कौशांबी सीट से विनोद सोनकर को व बाराबंकी से उपेंद्र रावत को उम्मीदवार बनाया गया है। कैसरगंज से ब्रजभूषण शरण सिंह, श्रावस्ती से ददन मिश्र, बहराइच से अक्षयवर लाल गौड़ व फैजाबाद से लल्लू सिंह पार्टी प्रत्याशी होंगे।
पश्चिम बंगाल के दस सीटों पर ये हैं उम्मीदवार
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद सीट से हुमायूं कबीर और उल्बरिया सीट से अभिनेता जॉय बनर्जी मैदान में होंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल के बेहरामपुर से श्री कृष्णा आर्य, रानाघाट से श्री मुकुल मणि अधिकारी, बंगाओं से श्री शांतनु ठाकुर, डायमंड हारबर से निलंजन रॉय, हावड़ा से श्री रमतीदेव सेन गुप्ता, कांठी से श्री डॉ. देबाशीष सामंत, बांकुरा से डॉ. सुभाष सरकार और बोलपुर से श्री राम प्रसाद दास चुनाव लड़ेंगे।

एक नजर में देखें यूपी के 29 उम्मीदवार

लोकसभा सीटकैंडिडेट
रामपुरजया प्रदा
पीलीभीतवरुण गांधी
धौरहरारेखा वर्मा
सुल्तानपुरमेनका गांधी
फर्रुखाबादमुकेश राजपूत
इटावारामाशंकर कठेरिया
कन्नौजसुब्रत पाठक
कानपुरसत्यदेव पचौरी
अकबरपुरदेवेंद्र सिंह भोला
जालौनभानु प्रताप वर्मा
हमीरपुरपुष्पेंद्र सिंह चंदेल
फतेहपुरसाध्वी निरंजन ज्योति
कौशांबीविनोद सोनकर
प्रयागराजरीता बहुगुणा जोशी
बाराबंकीउपेंद्र रावत
फैजाबादलल्लू सिंह
बहराइचअक्षयवर लाल गौड़
कैसरगंजबृजभूषण शरण सिंह
श्रावस्तीददन मिश्र
गोंडाकीर्तिवर्धन सिंह
डुमरियागंजजगदंबिका पाल
बस्तीहरीश द्विवेदी
महराजगंजपंकज चौधरी
कुशीनगरविजय दुबे
बांसगांवकमलेश पासवान
सलेमपुररविंद्र कुशवाहा
बलियावीरेंदर सिंह
गाजीपुरमनोज सिन्हा
चंदौलीमहेंद्र नाथ पांडेय
Posted By: Mukul Kumar