आगरा। थाना शाहगंज के शिवाजी नगर में बुधवार को बदमाशों ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया। दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाशों ने वृद्धा को बंधक बना लिया। गला दबाकर मारने की कोशिश की। इसके बाद दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा भाग गए। पुलिस के देरी से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश था।

चादर में बांध लिया

शिवाजी नगर निवासी 75 वर्षीय मीना गुप्ता के पति स्व। राजेंद्र प्रसाद गुप्ता नगर निगम के रिटायर्ड मुख्य अभियंता थे। बेटी फीरोजाबाद में रहती है। बुधवार को वृद्धा घर पर अकेली थीं। किचन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान बदमाश घर में घुस आए। चादर में बांधने के बाद कमरे में खींच ले गए। वहां उनसे जेवर उतारने की कहा। उन्होंने कुंडल उतारकर दे दिए। बदमाशों ने चादर से उनका गला दबाने का प्रयास किया। लूटपाट के बाद दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाकर भाग गए। किसी तरह पीडि़ता पीछे के दरवाजे से बाहर आकर पड़ोसी के यहां गई और घटना की जानकारी दी। कॉलोनी के लोगों का आरोप है पुलिस सूचना के 45 मिनट बाद पहुंची। इंस्पेक्टर शाहगंज प्रेम निवास शर्मा ने बताया कि महिला और उसके परिजनों ने किसी तरह की कार्रवाई से मना किया है। मीना गुप्ता ने अपने यहां किराएदार रखा था। वह दो दिन पहले ही कमरा खाली करके गया है। इससे आशंका है कि बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे।

Posted By: Inextlive