बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहर में निकाली कमल संदेश बाइक यात्रा

पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद, शहर की सड़कों पर लगा भीषण जाम

Meerut। कमल संदेश यात्रा में शनिवार को हजारों बाइक सवार भाजपाइयों ने कमल संदेश बाइक रैली निकाली। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में शहरवासी जाम से जूझते रहे। हालांकि कमल संदेश यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा, लेकिन बेगमपुल, जीरोमाइल, बच्चा पार्क, तेजगढ़ी आदि जगहों पर लोग भीषण जाम से जूझते नजर आए।

जाम से जूझा शहर

भाजपा की कमल संदेश यात्रा के चलते शहर दिनभर जाम से जूझता रहा। मेरठ की लाइफ लाइन गढ़ रोड पर करीब 30 मिनट तक बाइकर्स का रेला निकलता रहा जिसके चलते ट्रैफिक जाम हो गया। पुलिस ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों का आवागमन सुचारु किया। एडीएम सिटी मुकेश चंद्र, एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी समेत सीओ-इंस्पेक्टर और थाना पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया। यात्रा में शामिल ज्यादातर भाजपा नेता बाइक पर बिना हेलमेट थे तो वहीं कुछ पदाधिकारियों ने हेलमेट लगा रखा था।

फंसे रहे स्कूली बच्चे

रैली से गढ़ रोड पर करीब डेढ़ बजे पहुंची, इस दौरान ज्यादातर स्कूलों की छुट्टियां हो रही थीं। यात्रा के चलते दर्जनों स्कूली बसें जाम में फंसी रही तो कई एंबुलेंस भी जाम से जूझती रहीं। बेगमपुल के समीप जीआईसी, आरजी इंटर कॉलेज की छुट्टी के चलते छात्र-छात्राएं सड़क पर आ गई। बाइकों के शोर से सड़क पर दहशत को माहौल रहा तो वहीं स्टंटबाज स्टंट भी कर रहे थे।

सांसद, विधायक भी मौजूद

योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता बाइक पर फर्राटा भर रहे थे तो इनकी अगुवाई सांसद-विधायक कर रहे थे। मेरठ के जागृति विहार स्थित राष्ट्रोदय चौक से आरंभ हुई यात्रा का करीब 12 किमी का सफर तय करके जीरो माइल (शिवाजी चौक) पर समापन हुआ।

सांसद ने दिखाई हरी झंडी

भाजपा की कमल संदेश यात्रा में जनपद की सातों विधानसभाओं से हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूर्वाह्न 11 बजे जागृति विहार स्थित राष्ट्रोदय चौक पर एकत्र हो गए। यहां भाजपा के राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल की अगुवाई में यात्रा राष्ट्रोदय चौक से कुटी चौराहा होते हुए तेजगढ़ी चौराहा पहुंची। यहां यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। सड़क पर खड़े लोगों ने पुष्पवर्षा की। यात्रा योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए गढ़ रोड से हापुड़ अड्डा क्रॉसिंग पहुंची। यहां भगत सिंह मार्केट संघ के पदाधिकारियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इंदिरा चौक, ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क क्रॉसिंग होते हुए यात्रा बेगमपुल क्रॉसिंग पर एकत्र हुई जहां पर मौजूद लोगों ने यात्रा में शामिल भाजपा नेताओं का जोरदार स्वागत किया। जीरो माइल पर यात्रा का समापन हो गया।

यह रहे मौजूद

कमल संदेश यात्रा में भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव गोयल सिक्का, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ। लक्ष्मीकांत वाजपेई, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, सोमेंद्र तोमर, सत्यवीर त्यागी, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, पूर्व महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, लोकसभा संयोजक जयकरण गुप्ता, लोकेश प्रजापति, रैली संयोजक महेश बाली, प्रमोद दीक्षित, महिला मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष अंजू वारियर, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष वर्षा कौशिक, अनुसूचित मोर्चा महानगर अध्यक्ष राजकुमार सोनकर, किसान मोर्चा महानगर अध्यक्ष हर्ष पाल, युवा मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष आयुष पंवार, नगर अध्यक्ष वीनस शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, सुरेश जैन रितुराज आदि शामिल थे।

महिला कार्यकर्ता भी हुई शामिल

यात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवा पगड़ी धारण करके यात्रा में पहुंची महिलाएं स्कूटी और बाइक पर सवार होकर यात्रा की अगुवाई कर रही थीं।

सड़क पर लगाई झाडू

बेगमपुल पर सर्वाधिक पुष्पवर्षा कार्यकर्ताओं पर की गई। यात्रा के गुजरने के बाद भाजपा नेता प्रमोद दीक्षित ने टीम के साथ सड़क पर पड़े फूलों को झाडू लगाकर साफ किया।

Posted By: Inextlive