-50 तोला सोना, 1.80 लाख नकद व अन्य सामान चोरी

-सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए चोर,

BAREILLY: शहर में एक बार फिर से चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। शहर की पॉश कॉलोनी महानगर में चोरों ने दिनदहाड़े पूरनपुर के सब रजिस्ट्रार के घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख की चोरी को अंजाम दे डाला। चोर घर के अंदर से करीब 50 तोला सोना, 1 लाख 80 हजार नकद और अन्य सामान चुराकर ले गए। बड़ी वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया है। इज्जतनगर पुलिस ने ही कुछ दिनों पहले जदयू के जिलाध्यक्ष के घर 10 लाख की चोरी का खुलासा कर वाहवाही लूटी थी, लेकिन चोरों ने फिर से चुनौती दे दी है। महानगर कॉलोनी में पहले भी कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।

पत्‍‌नी गई थीं सहेली के घर

विनोद कुमार, महानगर उत्सव पार्ट टू में पत्‍‌नी निशा और बच्चों के साथ रहते हैं। वह पीलीभीत डिस्ट्रिक्ट के पूरनपुर में सब रजिस्ट्रार के पद पर तैनात हैं। वह ट्यूजडे को ड्यूटी पर गए थे। दोपहर में पत्‍‌नी निशा घर में ताला लगाकर सहेली के घर चली गई। जब वह शाम को 4 बजे वापस लौटी तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के भी लॉक टूटे हुए थे। उन्होंने पति को सूचना दी। रात पौने 8 बजे जब पति वापस पहुंचे तो पुलिस को सूचना दी।

डीवीआर ले जा रहे चोर

पुलिस चोर-लुटेरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाती है लेकिन क्रिमिनल पुलिस से एक कदम आगे चल रहे हैं। चोर पकड़े न जाएं, इसके लिए वह डीवीआर ही उखाड़कर ले जा रहे हैं। सब रजिस्ट्रार के घर भी ऐसा ही हुआ है। जब पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिग चेक करने का प्रयास किया तो पता चला कि डीवीआर ही चोर साथ ले गए हैं। अब पुलिस कॉलोनी में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों को खंगालेगी। पुलिस को एक संदिग्ध चोर नजर आया है।

कॉलोनी में हो चुकी 30 चोरियां

महानगर कॉलोनी में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। इस वर्ष ही बात करें तो महानगर कॉलोनी में करीब 30 चोरी की वारदातें हो चुकी हैं लेकिन पुलिस किसी का भी खुलासा नहीं कर सकी है। यहां ज्यादातर चोरी की वारदातें दिन में ही अंजाम दी जाती हैं। चोर पीछे के रास्ते आसानी से कॉलोनी में घुस जाते हैं और फिर मौका पाकर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस जाते हैं। कॉलोनी के गेट पर सिक्योरिटी गार्ड भी बैठते हैं, लेकिन इसका कोई फर्क नहीं पढ़ता है। पुलिस भी गश्त नहीं करती है, जिसका चोर फायदा उठाते हैं।

सब रजिस्ट्रार के घर चोरी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। महानगर में चोरी रोकने के प्रयास किए जाएंगे।

अभिनन्दन सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive