-सर्किल रेट में सालाना बढ़ोत्तरी 5 से 15 परसेंट तक प्रस्तावित, कृषि भूमि पर प्लाटिंग में बढ़ सकते हैं 15 परसेंट तक सर्किल रेट

-शहर के सबसे महंगे इलाकों में सिविल लाइंस दूसरे नंबर पर, साउथ सिटी के शहरी क्षेत्र में 5 से 10 परसेंट तक वृद्धि प्रस्तावित

-27 दिसंबर तक प्रस्तावित दरों पर मांगी गई आपत्ति, सुनवाई के बाद लागू कर दी जाएंगी प्रस्तावित दरों में बढ़ोत्तरी

kanpur@inext.co.in

KANPUR : शहर में हर साल घोषित होने वाले डीएम सर्किल रेट में बढ़ोत्तरी का सिलसिला इस बार भी जारी है। नगरीय क्षेत्र में मौजूदा सर्किल रेट पर 5 से 10 परसेंट की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 1 जनवरी 2019 से नए सर्किल रेट को प्रभावी कर दिया जाएगा। प्रस्तावित सर्किल रेट की दरों के मुताबिक शहर में माल रोड सबसे महंगा एरिया होगा। इसके बाद सिविल लाइंस और तीसरे नंबर पर डिफेंस कॉलोनी और जाजमऊ का एरिया होगा। चंदारी को नगरीय क्षेत्र में शामिल किया गया है। इसकी प्रति हेक्टेअर जमीन का रेट 2 करोड़ 32 लाख से लेकर 3 करोड़ 98 लाख तक प्रस्तावित किया गया है। वहीं नारामऊ कछार की अकृषक जमीनों में 25 परसेंट तक की सबसे अधिक वृद्धि प्रस्तावित की गई है।

कृषि क्षेत्रों में प्लािटंग महंगी

डीएम सर्किल रेट में एक तरफ जहां नगरीय क्षेत्र में 5 से 10 परसेंट की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है, वहीं कृषि क्षेत्र में होने वाले प्लाटिंग एरियाज में 10 से 15 परसेंट तक की वृद्धि की गई है। शहर में महाराजपुर, छतमरा, सरसौल, कल्यानपुर नर्वल, पुरवामीर, चकेरी, वाजिदपुर, कुलगांव, रुमा, जाना सहित दर्जनों इलाके ऐसे हैं, जहां तेजी से प्लाटिंग की जा रही है और आवासीय क्षेत्र डेवलप किए जा रहे हैं।

-------------

मेन रोड पर प्रॉपर्टी महंगी

इस बार सर्किल रेट में होने वाली बढ़ोत्तरी में रेजीडेंशियल और कॉमर्शियल प्रॉपर्टी महंगी होगी। रोड से लगी हुई प्रॉपर्टी पर 10 परसेंट और मेन रोड से अंदर के इलाकों में 5 परसेंट तक बढ़ोत्तरी संभावित है। सबसे अधिक वृद्धि जोन-1 के क्षेत्रों में की गई है।

---------

27 तक दे सकते हैं आपत्ति

प्रस्तावित किए गए डीएम सर्किल रेट को लेकर कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्ति कलक्ट्रेट में दर्ज करा सकता है। इसके लिए 27 दिसंबर को सुबह 11.30 बजे तक आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद डीएम सर्किल रेट को शहर में लागू कर दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive