2011 की जनगणना के हिसाब से होगा नगर सीमा का विस्तार

शामिल हो सकते हैं दो दर्जन से अधिक नए गांव

Meerut। जनसंख्या के लगातार बढ़ते घनत्व को देखते हुए नगर निगम शहर का दायरा बढ़ाने यानी सीमा विस्तार की योजना बना रहा है। इसके तहत कई नई ग्राम पंचायतों को नगर में शामिल कर उनका विकास किया जाएगा।

अभी केवल प्रस्ताव

हालांकि नगर निगम की यह योजना अभी केवल बोर्ड बैठक में प्रस्ताव तक ही सीमित है। उम्मीद है कि जल्द ही इस योजना पर अंतिम मोहर लग जाएगी।

24 गांवाें का विलय

नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायत के सीमा विस्तार के शासनादेश 2014 में संशोधन के बाद अब नगर निगम की सीमा का नए सिरे से विस्तार किया जाएगा। 2016 के नए आदेश के तहत नगर सीमा को विस्तारित कर 16 गांवों का चयन कर उन्हें नगर सीमा में शामिल किया गया था। इसके बाद शहर के वार्डो की संख्या 80 से बढ़कर 90 हो गई थी। अब उम्मीद की जा रही है कि 24 के करीब गांव इस बार सीमा विस्तार के बाद शहर में शामिल होंगे।

जनगणना से आकलन

नगर सीमा के विस्तार के दौरान गांवों का चयन 2011 की जनगणना के अनुसार किया जाएगा। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर वर्तमान क्षेत्र की आबादी, जनसंख्या घनत्व, सीमा वृद्धि से निगम की आय में वृद्धि आदि का आकलन करने के बाद ग्राम पंचायत को निगम सीमा में शामिल किया जाएगा। सीमा विस्तार के बाद संभावना जताई जा रही है कि नगर के वार्डो की संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो सकती है।

सीमा विस्तार के प्रस्ताव के आधार पर गांवों का सर्वे कर आकलन किया जा रहा है। कमिश्नर की सहमति के बाद इस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विस्तार पर मोहर लगेगी।

केबी वा‌र्ष्णेय, चीफ इंजीनियर

Posted By: Inextlive