मेयर ने किया निरीक्षण, गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी

ALLAHABAD: शारदीय नवरात्र शुरू होने में केवल तीन दिन का समय बचा है। दस अक्टूबर को प्रस्थापना है। लेकिन मीरापुरा इलाके में स्थित प्राचीन कल्याणी देवी और ललिता देवी मंदिर को जाने वाली सड़कें व गलियां क्षतिग्रस्त हैं। साफ-सफाई की व्यवस्था बद्तर है। वहीं नालियां भी ध्वस्त हैं। इसकी शिकायत लोगों ने मेयर अभिलाषा गुप्ता से की। मेयर ने शनिवार को कल्याणी देवी और ललिता देवी मंदिर के आस-पास निरीक्षण किया। इस दौरान सीवर लाइन का कार्य होने के कारण रोड क्षतिग्रस्त मिली।

नालियों में भरी थी सिल्ट

नालियां सिल्ट से भरी पाई गई। वहीं कल्वर्ट टूटा हुआ पाया गया। कई जगह खंभों पर लगे लाइट बंद बताए गए। पूरे मेला मार्ग पर गंदगी पाई गई। क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई नहीं हो पा रहा है। कल्याणी देवी मंदिर के आस-पास भी गंदगी पाई गई। पार्क के बाहर पशुपालकों ने गाय बांध कर पार्क को गंदा कर रखा था। सत्ती चौरा ढाल से कल्याणी देवी मंदिर वाला मार्ग क्षतिग्रस्त पाया गया। मेयर ने अधिकारियों को नवरात्र से पहले ललिता देवी मंदिर, कल्याणी देवी मंदिर, परिक्रमा मार्ग के साथ ही आस-पास के इलाकों की रोड व गलियों की मरम्मत का निर्देश दिया। मेयर के साथ पार्षद साहिल अरोरा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा। लवकुश, सफाई निरीक्षक अश्वनी कुमार, मानिक चंद्र सरोज, विनोद शर्मा एलएनटी प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive