आई नेक्स्ट में खबर छपने के बाद शनिवार को पहुंचे मेयर

आगरा। हिन्दुस्तान की शान तिरंगे के अपमान को लेकर शनिवार को खुद मेयर ने गंभीरता दिखाई। हालांकि यह भी तब हुआ जब जागरण प्रकाशन लिमिटेड के न्यूज पेपर आई नेक्स्ट ने तिरंगे की शान को लेकर बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया था। शनिवार सुबह खबर प्रकाशित होने के बाद सबसे पहले मौके पर मेयर इंद्रजीत आर्य पहुंचे।

देखकर दंग रह गए मेयर

खबर पढ़ने के बाद शनिवार सुबह मेयर इंद्रजीत आर्य हरीपर्वत चौराहे जा पहुंचे। यहां उन्होंने अपमानजनक स्थिति में लगे राष्ट्रीय ध्वजों की अपमाजनक स्थिति को देखा। यहां तिरंगे के हालात देखकर मेयर दंग रह गए। हरीपर्वत चौराहे के बाद मेयर ने सूरसदन तक एमजी रोड का दोनों तरफ से निरीक्षण किया।

जमीन पर पड़े तिरंगे उठाए

मेयर इंद्रजीत आर्य सूरसदन तिराहे पर रुके। विवेकानंद प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। यहां प्रतिबंधित पॉलिथिन के तिरंगों की झालरें लटकी हुई थीं। इनके साथ ही साथ कुछ तिरंगे जमीन पर पड़े हुए थे। सबसे पहले मेयर ने जमीन पर पड़े तिरंगों को उठाया।

कॉल किए उप नगरायुक्त

तिरंगों को उठाने के बाद उप नगरायुक्त अनिल कुमार को फोन कर बुलाया। इसके साथ मेयर और उनके साथ आए मुनेंद्र जादौन ने विवेकानंद प्रतिमा स्थल से प्रतिबंधित पॉलिथिन के तिरंगों की झालरों को हटाया।

पहुंच गई निगम की टीम

मेयर इंद्रजीत और उनके साथी इन तिरंगों को कलेक्ट कर ही रहे थे कि इसी दौरान मौके पर उप नगरायुक्त अनिल कुमार भी आ गए। कुछ ही देर में निगम की एक टीम भी आ गई। कुछ ही देर में टीम ने हरीपर्वत से लेकर सूरसदन के आसपास तिरंगों को सम्मानजनक तरीके से हटा दिया।

देखते रहे आते-जाते लोग

सुबह जिस टाइम मेयर और उनकी टीम प्रतिबंधित पॉलिथिन के राष्ट्रीय ध्वजों को जमीन और डिवाइडर से हटा रही थी, एमजी रोड पर आते-जाते लोग इस सीन को देखते रहे। कई लोगों ने रुककर आई नेक्स्ट की खबर और उसके बाद मेयर की ओर से उठाए गए इस कदम की सराहना भी की।

Posted By: Inextlive