कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर संगम नोज व दशाश्वमेध घाट सहित अन्य घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को संगम नोज, रामघाट, बलुआघाट व दशाश्वमेध घाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ी। कृतिका नक्षत्र में पूर्णिमा पड़ने की वजह से श्रद्धालुओं की आस्था दोगुनी हो गई। यही वजह रही कि भोर से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का रेला पुण्य की डुबकी लगाने के लिए पहुंचने लगा। खासतौर से संगम नोज व बलुआघाट बारादरी के आस-पास पैर रखने भर की भी जगह नहीं मिल सकी। घाटों पर श्रद्धालुओं को तैंतीस करोड़ देवी-देवताओं का स्मरण करते हुए स्नान कर जल तर्पण किया। साथ ही दान-दक्षिणा देकर पुण्य भी बटोरने का कार्य किया। यह सिलसिला घाटों पर सुबह नौ बजे तक अनवरत चलता रहा।

घरों में गूंजा शंखनाद

पूर्णिमा के अवसर पर सुबह के समय घाटों पर स्नान-दान कर पुण्य कमाया गया। उसके बाद घरों में विधि-विधान से भगवान सत्य नारायण की कथा सुनने का दौर भी चला। घरों के बड़े-बुजुर्गो व महिलाओं ने भगवान की कथा सुनी। इस दौरान शंखनाद से वातावरण भक्ति से सराबोर हो दिया। कथा सुनने के बाद हवन-अनुष्ठान किए गए और पंचामृत संग प्रसाद का वितरण भी किया गया।

शाम को दीपदान और आतिशबाजी

शहर में कार्तिक पूर्णिमा पर शाम का नजारा दीपावली सरीखा दिखा। जहां स्नान-दान व कथा के बाद शाम को घर-आंगन से लेकर मंदिरों में परिजनों ने दीपदान किया तो घर का कोना-कोना रोशन हो उठा। वहीं रंगबिरंगी झालरों की आकर्षक रोशनी गली-मोहल्लों में दिखाई दी। दीपदान के बाद आतिशबाजी भी की गई। महिलाओं व छोटे-छोटे बच्चों ने पटाखा फोड़ा और अनार, फुलझड़ी, चटाई व रोशनी से दीपावली का लुत्फ उठाया।

Posted By: Inextlive