RANCHI:रात के 12 बजे जैसे ही चर्च की घंटी बजी, वैसे ही महीने भर से प्रभु यीशु के जन्म का इंतजार कर रहे लोग उत्साह और उमंग के सैलाब में डूबते चले गए। खुशियों का ऐसा समा बंधा कि हर ओर मेरी क्रिसमस और हैप्पी क्रिसमस की गूंज सुनाई देने लगी। चर्च में जमा होकर सभी मसीही भाई-बहन एक स्वर में प्रभु के आने पर गीत गाकर उनका वेलकम कर रहे थे। साथ ही बालक यीशु का पैर चूम कर और आशीर्वाद लेकर खुद को धन्य भी कर रहे थे। मौके पर मसीहियों ने चर्च में प्रेयर और बाईबल का भी पाठ किया। यह नजारा सिर्फ संत मरिया महागिरजाघर ही नहीं, बल्कि सिटी के तमाम चर्चो में खुशी का यही माहौल था। सड़क, गिरजाघर और मसीही विश्वासियों के मुहल्ले रोशनी से जगमगाते रहे।

संत मरिया महागिरजाघर में रांची के आर्चबिशप, कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो ने मसीही विश्वासियों को यीशु के जन्म का संदेश दिया। उन्होंने रात्रि क्रिसमस मिस्सा में उपदेश दिया कि हम इस पुण्य रात्रि यहां महागिरजाघर में इतनी बड़ी तादाद में आनंद और उल्लास के साथ एकत्र हुए। पवित्र मिस्सा का तीनों पाठ हमारे यहां एकत्र होने का जवाब देते हैं। आज रात सारी दुनिया के साथ हम आनंद मनाते हैं और गीत गाते हैं क्योंकि बालक यीशु हमारे लिए पिता ईश्वर का आर्शीवाद है। हम इस दुनिया की सच्ची ज्योति के रूप में प्रभु यीशु का स्वागत करें। क्योंकि सत्य और जीवन के यही मार्ग हैं, जो हमें जीवन की पूर्णता की ओर ले जाएंगे। इस पुनीत क्रिसमस रात्रि की शांति में हम लोग प्रार्थना करें कि प्रभु यीशु के जन्म की हमारी खुशी सदा ऐसी ही बनी रहे। हम हर दिन उन्हीं के समान ईश्वर के पुत्र और पुत्रियां बनते जायें और अपने को बालक यीशु को समर्पित करें।

Posted By: Inextlive