-केंद्रीय राज्यमंत्री महेश शर्मा ने किया दावा, केंद्र सरकार की नीतियों से घटा है भ्रष्टाचार

-केंद्र सरकार की कुछ चूक से बढ़ी महंगाई, अब नियंत्रण का हो रहा प्रयास

Meerut : सूबे की जनता चाचा-भतीजे के द्वंद में उलझी है, विकास का मुद्दा फना हो गया। साढ़े चार साल लूट-खसोट करने के बाद सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव कहते हैं कि 'अब बस'। अरे भई भ्रष्टाचारी मंत्री-विधायकों पर लगाम ही कसनी थी तो एक-डेढ़ साल के बाद ही कसते। अब तक सबकुछ लूट लिया, अब फटकारने से क्या होगा। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री महेश शर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस में सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा। सूबे के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर तैयारी का खुलासा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी ने यूपी को 6 जोन में बांटा है और जोनवार, क्षेत्रवार, विधानसभावार समस्याओं को भाजपा अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करेगी।

गायत्री बन गए 'प्रजापति'

सपा पर तंज करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता जबाव मांग रही है आखिर गायत्री कैसे बन गए 'प्रजापति'? अब दागी मंत्रियों का बर्खास्त कर रहे हो, प्रदेश की जनता बेवकूफ है क्या? दो माह बाद मुख्य सचिव को बाहर कर दिया। मेरठ में 10 साल से गन्ना किसानों का बकाया है, सरकारें मिलों से लूट खसोट करती हैं और भुगतना किसान को होता है।

कम हुआ है भ्रष्टाचार

केंद्र की भाजपा सरकार, पीएम नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष अमित शाह की तारीफों के कसीदे गढ़ते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार कम हुआ है, विकास-सुशासन के लेकर सरकार आगे बढ़ रही है। राज्यों को 32 फीसदी से बढ़ाकर 41 फीसदी अंश अब केंद्र दे रहा है। गरीब, किसान, युवा, महिलाओं को योजनाओं का सीधा लाभ उनके खाते में आधार कार्ड से जोड़कर दिया जा रहा है। हम लैपटॉप नहंी बांटेंगे, सूबे के 1 करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने का काम करेंगे।

हवाई अड्डे पर काट गए कन्नी

सवाल के जबाव में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खुर्जा के पास 14 सौ करोड़ रुपये का पॉवर प्लांट स्थापित हो रहा है, हर गांव को बिजली देने का लक्ष्य है। 9 हवाई अड्डे होंगे, हालांकि मेरठ में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुद्दे पर वे कन्नी काट गए। 1 घंटे के फ्लाइंग टाइम में सामान्य व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सकेगा।

राज्य सरकार का नहीं सहयोग

पर्यटन इंडस्ट्री में पिछड़ रहा है मेरठ, कृष्णा सर्किट के 175 करोड़ रुपये रिलीज कर दिए। हस्तिनापुर समेत कई स्थानों पर विकास कार्य होने है, अभी केंद्र ने योजना बनाकर नहीं दी। 225 करोड़ रुपये के रामायण सर्किट प्रोजेक्ट भी अधर में है। 30 सितंबर तक विभाग को 500 करोड़ रुपये यूपी के लिए रिलीज करने हैं और योजनाएं नहीं हैं।

माल्या से बसूलेंगे पाई-पाई

महंगाई के मुद्दे पर सरकार की नाकामी को स्वीकारते हुए केंद्रीय मंत्री ने आई नेक्स्ट को बताया कि 'कहीं कुछ कमी रह गई थी, अब सुधार की ओर है.' गरीब को सस्ता भोजन मिलेगा। विजय माल्या से सरकार पाई-पाई बसूलेगी, देश में काले धन पर सरकार की नजर है। मेरठ में हाईकोर्ट बेंच को न्यायिक मुद्दा बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने पल्ला झाड़ लिया।

ढाई घंटे में पहुंचा मेरठ

नोएडा से सड़क मार्ग से मेरठ पहुंचे केंद्रीय मंत्री को रास्ते में ढाई घंटे का समय लगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के निर्माण के हो रही हीलाहवाली और मेरठ सर्किल की उपेक्षा पर उन्होंने कहा कि वे नितिन गडकरी से बात करेंगे ताकि परियोजना जल्द से जल्द पूरी की जा सके। 45 मिनट की दूरी को ढाई घंटे में तय करना वाकई गंभीर विषय है। 'अच्छे दिन' पर नितिन गडकरी की प्रतिक्रिया को वे हंसकर टाल गए।

आयुर्वेद में वायरल का उपचार

पेशे से एलोपैथिक डॉक्टर महेश शर्मा ने देश में वायरल के प्रकोप पर आयुर्वेद में आस्था जता दी। उन्होंने कहा कि वायरल को कोई इलाज नहीं है, एलोपैथी में बस हो रही शारीरिक क्षति को रोका जाता है। आयुर्वेद में कई ऐसे नुख्शे और औषधियां हैं जो कारगर उपचार कर रहे हैं। एक विचार गोष्ठी में हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री मेरठ पहुंचे थे। प्रेसवार्ता में भाजपा नेता मौजूद थे।

Posted By: Inextlive