- डॉक्टर दंपत्ति के घर पर रविवार को हुई थी डकैती

- सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे डॉक्टर्स

Meerut: सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में रविवार रात को डॉक्टर दंपत्ति के घर में डकैती की घटना से शहर के सभी डॉक्टर्स में खौफ पैदा हो गया है। सोमवार को आईएमए के बैनर तले कई डॉक्टर्स पुलिस ऑफिस पहुंचे। उन्होंने घटना में लिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वहीं डकैती की घटना के बाद पीडि़त डॉक्टर दंपत्ति खौफजदा है। उनके घर पर जानने वालों का दिनभर तातां लगा रहा। उनका बेटा भी स्कूल नहीं गया। घटना के बाद पुलिस छानबीन में तो जुट गई, लेकिन अभी तक बदमाशों का कुछ अता-पता नहीं कर पाई।

डॉक्टर दंपत्ति में खौफ

नेहरू नगर में रहने वाले डॉ। कपिल गर्ग के घर में रविवार देर रात बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया था। बदमाशों ने तो पहले डॉ। कपिल पर चाकू और पिस्टल तानकर मारपीट की। फिर उनकी पत्‍‌नी और बेटे ऋत्विक पर काबू पाकर लाखों की नगदी और जेवर लेकर फरार हो गए। जाने से पहले उन्होंने सभी के हाथ-पार बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया था। घटना के बाद से ही पूरा परिवार सहमा हुआ है। सोमवार को डॉक्टर ने मरीजों को भी नहीं देखा। वहीं उनका बेटा सेंट मेरीज के कक्षा 9 में पढ़ता है। वह स्कूल भी नहीं गया। जबकि डॉक्टर की पत्‍‌नी मुक्ता पर दहशत का साया इतना है कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि मेरठ शहर अब रहने लायक नहीं रह गया है।

कई बिंदुओं पर पुलिस की छानबीन

घटना के 24 घंटे के बीतने के बाद भी पुलिस को डकैती में शामिल बदमाशों के संबंध में अभी कोई क्लू नहीं मिला। पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है। बदमाश घर से मोबाइल भी लूट ले गए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह बदमाशों ने मोबाइल को ऑन किया था। पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया है। वहीं पुलिस डॉक्टर के क्लीनिक के स्टाफ से भी पूछताछ में जुटी है।

वारदात के तरीके की भी छानबीन

पुलिस बदमाशों के द्वारा वारदात करने के तरीके की भी स्टडी कर रही है। शास्त्रीनगर में रिटायर्ड बैंक अधिकारी के घर भी बदमाशों ने इसी तरीके से डकैती डाली थी। हालांकि इस वारदात में बदमाशों ने नकाब नहीं पहना था। लेकिन वे डॉक्टर्स से ही सीसीटीवी के लगने के बारे में पूछताछ कर रहे थे। पुलिस को ऐसी आशंका है कि कहीं शास्त्रीनगर में डकैती डालने वाले गिरोह ने ही तो यहां पर भी घटना को अंजाम नहीं दिया।

घर पहुंचे डॉक्टर्स

डॉक्टर दंपत्ति के घर में डकैती पड़ने से शहर के तमाम डॉक्टर्स के मन में डर बैठ गया है। वे सहम गए हैं। सोमवार को आईएमए के बैनर तले तमाम डॉक्टर्स एसएसपी ऑफिस पहुंचे। अध्यक्ष डॉ। तनुराज सिरोही और सेक्रेट्री डॉ। शिशिर जैन समेत कई डॉक्टर्स ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से उन्हें अब इमरजेंसी के दौरान मरीजों को अटेंड करना मुश्किल हो गया है। पता नहीं किसी के साथ कौन सी वारदात हो जाए। एसपी क्राइम को ज्ञापन सौंप कर उन्होंने बदमाशों को जल्द पकड़ने की मांग की।

Posted By: Inextlive