मानसून ने जाते-जाते यू टर्न ले लिया है। माैसम वैज्ञानिकों की मानें तो दो दिन तक भारत के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होने के आसार है। इसके अलावा आंधी-तूफान आने की भी आशंका है। जानें आज देश में कहां होगी भारी बारिश...

कानपुर।  भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिकों की मानें तो आज देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज दो दिन तक बिगड़ा रहेगा। मानसून के यू टर्न लेने से उत्तर भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पश्चिम भारत, पूर्व, उत्तर पूर्व, दक्षिण भारत और मध्य भारत में भी झमाझम बारिश होगी। ऑल इंडिया वेदर वार्निंग बुलेटिन के मुताबिक वैज्ञानिकों ने कुछ इलाकों के लिए चेतावनी भी जारी की है। तेलंगाना में राहत व बचाव कर्मियों को अलर्ट रहने को कहा है। वहीं उड़ीसा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश के कुछ इलाकों में प्रशासन को पहले से तैयार रहने की सलाह दी है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, मध्यप्रदेश में राहत व बचाव कर्मयों व प्रशासन को स्तिथियों के अनुसार तैयार रहने के लिए कहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक कुछ इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की भी आशंका है।
पूर्व और उत्तर पूर्व भारत :  कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना
पूर्व भारत में बिहार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में अधिकांश इलाकों का बारिश से बुरा हाल रहेगा। बिजली कड़कने के साथ बादल फटने की भी आशंका है। पश्चिम बंगाल में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर पूर्व भारत में सिक्किम, असम, मेघालय में अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड,  मणिपुर,  त्रिपुरा और मिजोरम में कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। अरुणाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं भारी हो सकती है।


उत्तर व पश्चिम भारत :  बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी आशंका  

उत्तर भारत में आज भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान भी आ सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका बनी है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर, पंजाब में भी बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में छुटपुट बारिश होने से मौसम सुहावना रहेगा। वहीं पश्चिम भारत में राजस्थान में भी बादल छाए रहेंगे। यहां कुछ इलाकों में धूप तो कुछ इलाकों में छुटपुट बारिश हो सकती है।


दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत :  यहां मौसम का मिजाज ज्यादा बिगड़ा रहेगा

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में आज आंध्रपदेश व तेलंगाना में मौसम काफी ज्यादा खराब रहने की आशंका है। यहां भारी बारिश होने साथ तूफानी हवाएं भी चल सकती है। इसके अलावा कर्नाटक में कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं कर्नाटक के तटीय इलाकों, केरल,  लक्ष्यदीप एवं अंडमान निकाेबार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में भी बादल छाए रहने के आसार है। छुटपुट बारिश होने से मौसम सुहावना बना रह सकता है।

मध्य भारत :  कहीं भारी बारिश तो कहीं बूंदाबांदी से मौसम होगा सुहावना

मध्य भारत में आज यहां सबसे ज्यादा मौसम उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में खराब रहने की आशंका है। यहां भारी बारिश के साथ बादल भी फट सकते हैं। वहीं महाराष्ट्र के कुछ इलाके भी भारी बारिश से सराबोर रहेंगे। वहीं मध्यप्रदेश और गोवा में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका बनी है। गुजरात में भी मानसून के यू टर्न का असर दिखाई देगा। यहां भी बादल छाए रहने के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।

फिर पलट सकती है बारिश, जानें यूपी-दिल्ली समेत इन राज्यों में आज मौसम का मिजाज

 

Posted By: Shweta Mishra