इंडोनेशिया में भयंकर सुनामी के बाद जबरदस्त भूकंप के झटके महसूस किये गए हैं। लोगों के बीच फिर से दहशत पैदा हो गया है।


जकार्ता (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के पापुआ बारत प्रांत में 6.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गए हैं। स्थानीय अधिकारीयों ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की है। जबरदस्त भूकंप के झटके के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल है। हालांकि, इस भूकंप से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मौसम विभाग के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि भूकंप मनोकरी शहर के आसपास 26 किलोमीटर के दायरे में रहा लेकिन सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इंडोनेशिया के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुगरोहो ने बताया कि भूकंप से कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है। घर को छोड़कर भागे लोग
उन्होंने बताया कि भूकंप के झटकों से लोगों के बीच दहशत फैल गई, लोग अपने घरों को छोड़कर भाग गए। बता दें कि इंडोनेशिया के जावा और सुमात्रा द्वीप पर 22 दिसंबर की रात अनाक क्रैकाटोआ ज्वालामुखी फटने के बाद भारी सुनामी आ गई। इस आपदा से 430 लोगों की जान चली गई, जबकि 1400 से अधिक लोग घायल हुए। अधिकारियों ने बताया था कि जावा और सुमात्रा में सुनामी के लहरों ने कई घरों को तबाह कर दिया, जिसके चलते हजारों लोग बेघर हो गए। फिलहाल, इंडोनेशिया में मौसम विभाग द्वारा सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

इंडोनेशिया में आई भयंकर सुनामी से अब तक 429 की मौत, हजारों लोग बेघर

Posted By: Mukul Kumar