- भाभानगर में रहती थी महिला, घर के अंदर मिला खून से सना शव, सिर पर भारी चीज से कई वार के निशान

- दिल्ली बीएसएफ में तैनात है एक बेटा, पुलिस को मां के साथ रहने वाले जवान के लापता भाई पर है शक

KANPUR : चकेरी में बीएसएफ जवान की मां की हत्या कर दी गई। उसका खून से सना शव फर्श पर पड़ा मिला। मां के फोन न उठाने पर जवान ने मामा को घर भेजा, जिसके बाद वारदात का पता चला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। पुलिस को जवान के बिगड़ैल भाई पर शक है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

फोन रिसीव नहीं होने पर

चकेरी के भाभानगर निवासी भगवती पांडेय के पति का देहांत हो चुका है। उनके तीन बेटे हेमन्त, नवीन और मुकेश हैं। मुकेश बीएसएफ में जवान है। वह इस समय दिल्ली में तैनात है, जबकि हेमन्त देहरादून में प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। नवीन कुछ नहीं करता है। वह मां के साथ ही रहता है। वह गलत संगत में पड़कर बिगड़ गया है। उसका अक्सर मां से झगड़ा होता था। भगवती के भाई प्रकाश घर से कुछ दूरी पर रहते हैं। रविवार को मुकेश मां का हालचाल लेने के लिए फोन मिला रहा था, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। मुकेश ने रात को एक बजे मामा को बताया तो वह भगवती का हालचाल लेने घर पहुंच गए। उन्होंने देखा गेट बाहर से बंद है। वह गेट खोलकर अंदर गए तो वहां पर फर्श पर भगवती का खून से सना शव पड़ा था। भगवती के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था।

जवान के बिगड़ैल भाई पर शक

प्रकाश के मुताबिक शनिवार को भगवती उनके घर आई थीं। वह दोपहर में घर जाने के लिए निकली थी। उनको इलाकाई लोगों ने शाम को देखा था। इसके बाद से वह घर से नहीं निकली। इलाकाई लोगों ने बताया कि नवीन बिगड़ैल प्रवृत्ति का था। वह अक्सर मां से झगड़ा करता था। शनिवार को भी उसका मां से झगड़ा हुआ था। इसके बाद से वह गायब है। मां का तो शव मिल गया है, लेकिन नवीन अभी लापता है। जिससे पुलिस को नवीन पर शक है।

सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

- अजय सेठ, इंस्पेक्टर चकेरी

Posted By: Inextlive