भारत के सबसे अमीर और जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी में बिजनेस राजनीति खेल जगत व बाॅलीवुड से तमाम बड़ी हस्तियां शादी में पहुंचीं। आज भी एक ग्रैंड वेडिंग सेलिब्रेशन होगा। जानें इस शाही शादी में आैर क्या था खास...

मुंबई (आईएएनएस)। भारत के सबसे अमीर शख्स कहे जाने वाले उद्योगपति मुकेश अंबानी व नीता अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की शादी कल 9 मार्च को धूमधाम से मुंबई में हुई। आकाश अंबानी ने बड़े हीरा कारोबारी कहे जाने वाले रसेल मेहता की बेटी श्लोका मेहता के साथ सात फेरे लिए। इस दाैरान मुकेश और नीता अंबानी के साथ-साथ आकाश के भाई अनंत और बहन ईशा अंबानी भी माैजूद थीं। हाल ही में शादी के बंधन में बंधी बहन ईशा ने एक गुलाबी रंग का लहंगा पहना था। वहीं नीता अंबानी भी बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

एंटीलिया में मेहमानों के लिए खाने की व्यवस्था की गई
आकाश और श्लोका मेहता की शादी बांद्रा के जियो वर्ल्ड सेंटर में हुई। इस दाैरान जियो वर्ल्ड सेंटर के साथ-साथ अंबानी का घर एंटीलिया भी दुल्हन की तरह सजाया गया। यहां फूलों से हुई सजावट ने विदेशी मेहमानों का ध्यान अपनी ओर खींचने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। इस दाैरान यहां फूलों का झरना सा बह रहा था। एक म्यूजिकल फव्वारा व फूलों के साथ विशाल कृष्ण की मूर्ति लोगों का मनमाेह रही थी। फूलों से हुई खास सजावट की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर छाई हैं। वहीं एंटीलिया में मेहमानों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी।

पूर्व पीएम टोनी ब्लेयर और उनकी पत्नी चेरी भी पहुंची

इसके अलावा शादी के जश्न में बिजनेस, राजनीति, खेल जगत, बाॅलीवुड के साथ तमाम विदेशी हस्तियां भी शादी में पहुंचीं। संयुक्त राष्ट्र की पूर्व महासचिव बान की मून, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और उनकी पत्नी चेरी ब्लेयर भी इस समारोह में पहुंचे। अनिल अंबानी, रतन टाटा, लक्ष्मी निवास मित्तल और उषा मित्तल, आनंद महिंद्रा और गौतम सिंघानिया जैसी हस्तियां भी यहां पहुंची। गूगल सीईओ सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख सत्य नडेला भी आकाश की शादी में पहुंचे। वहीं प्रफुल्ल पटेल और एचडी देवगाैड़ा जैसे राजनेता भी नव दंपति को आशीर्वाद देने पहुंचे।

बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करने पहुंचेंगी
रजनीकांत, गौरी खान, आमिर खान, किरण राव, फराह खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, शबाना आजमी, करिश्मा कपूर और करीना कपूर खान आदि ने भी शादी में शिरकत की। सचिन तेंदुलकर, कुणाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, जहीर खान, अजिंक्य रहाणे और श्रीलंकाई क्रिकेट के दिग्गज महेला जयवर्धने भी पहुंचे। आज भी अंबानी परिवार की ओर से एक जश्न मनाया जाएगा। इसके बाद सोमवार को रिसेप्शन होगा। इसमें भी कारोबार, स्पोर्ट्स से लेकर बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करने पहुंचेंगी।

तस्वीरें: आकाश अंबानी-श्लोका मेहता की शादी में पहुंचा बाॅलीवुड, बच्चन परिवार की राॅयल एंट्री पर टिक गईं निगाहें

मुकेश अंबानी और रसेल मेहता जल्द बनेंगे समधी, जानें क्या करती है आकाश अंबानी की होने वाली पत्नी

Posted By: Shweta Mishra