PATNA : राज्य में पुल और पुलिया बनाने के काम में तेजी आएगी। वर्षो से बंद पड़ी मुख्यमंत्री सेतु योजना को सरकार फिर से शुरू करने की तैयारी कर रही है। साथ ही इस योजना के तहत दी जाने वाली राशि में भी सरकार बढ़ोत्तरी करने की योजना पर काम कर रही है। गौरतलब है कि इस वर्ष बजट सत्र के दौरान सरकार ने विधानसभा में इस योजना को फिर से आरंभ किए जाने का ऐलान किया था।

मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना के तहत दो स्तरों पर छोटे पुल-पुलिया के निर्माण होते हैं। अगर पुलिया की निर्माण लागत 25 लाख रुपए से कम है तो उसका निर्माण जिलाधिकारी की देखरेख में कराया जाता है। वहीं 25 लाख रुपए से दस करोड़ तक की लागत वाले पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की देखरेख में होता है। अब निर्माण लागत अधिक हो जाने से इस लिमिट को बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय विधायकों को शामिल कर एक कमेटी गठित की जाती है जिनकी अनुशंसा पर पुलों का चयन होता है। पथ निर्माण विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना के नए प्रावधानों के संबंध में उच्च स्तर पर एक प्रेजेंटेशन होना है। इसके बाद अनुमति मिलने पर नए गाइडलाइन जारी किए जा सकेंगे। योजना में पुल निर्माण के साथ कुछ अन्य जनोपयोगी सेवाओं को जोड़ा जाना है। योजना चयन की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने पर भी जोर है।

Posted By: Inextlive