-कानपुर से पहली बार देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई के लिए शुरू हुई फ्लाइट, शहर के व्यापार को मिलेगी उड़ान

-मंडे को मुंबई से 146 पैसेंजर्स के साथ उड़ान भरकर स्पाइस जेट के जम्बो प्लेन ने अहिरवां एयरपोर्ट पर की लैंडिग

- एयरपोर्ट पर फुलों की बारिश से हुआ यात्रियों का स्वागत, पहले दिन शहर से 98 यात्री लेकर मुंबई रवाना हुआ प्लेन

KANPUR: मंडे को शहर के विकास ने एक और उड़ान भरी। कानपुर से पहली बार देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो गई। इसी के साथ लाखों कानपुराइट्स का दशकों पुराना सपना भी साकार हो गया। मंडे को स्पाइस जेट के जंबो प्लेन ने मुंबई से उड़ान भर कर शहर के अहिरवां एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। पहली फ्लाइट से उतरे यात्रियों का वेलकम फूलों की बरसात के साथ किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। फ्लाइट से आए यात्रियों ने अपनी खुशी का इजहार किया। वहीं, शहर के व्यापारियों और अन्य लोगों ने भी मुंबई के लिए फ्लाइट शुरू होने पर खुशी का इजहार किया।

2 घंटे 15 मिनट में मुंबई

अहिरवां एयरपोर्ट के अधिकारी व कर्मचारियों ने उड़ान की तैयारी पूरी कर ली थी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ ही एयरपोर्ट पर भी कानपुर से मुंबई के लिए टिकट काउंटर शुरू कर दिए गए। मुंबई से स्पाइस जेट के 189 सीटर विमान एसजी 415 के उड़ान भरने का निर्धारित समय सुबह 10.50 और कानपुर लैंडिंग का समय दोपहर 1:15 बजे निर्धारित है। यानी, मुंबई से कानपुर आने में यात्रियों को करीब 2.25 घंटे का समय लगेगा। वहीं, कानपुर से उड़ान भरने का समय दोपहर 2 बजे और मुंबई एयरपोर्ट में लैंडिंग का समय शाम 4.15 बजे है। यानी, शहर से मुंबई पहुंचने में महज 2 घंटे 15 मिनट का वक्त ही लगेगा।

पहले दिन रवाना हुए 98 यात्री

सोमवार को पहले दिन इस विमान ने सुबह 11.30 बजे मुंबई से उड़ान भरी और दोपहर 1.13 बजे कानपुर में लैंड किया। विमान में मुंबई से 146 यात्री कानपुर आए। इसके बाद इसी विमान ने एयरपोर्ट से दोपहर 2.06 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। इस सफर में 98 यात्री मुंबई के लिए रवाना हुए। अहिरवां एयरपोर्ट पर वेटिंग रूम का भी रेनोवेशन किया गया। पार्किग, खानपान और यात्रियों के सामान ले जाने के लिए ट्राली की भी व्यवस्था की गई है।

----------

व्यापारियों को िमलेगा लाभ

ट्रेड स्पेशलिस्ट की मानें तो देश के कई स्थानों से कानपुर के लिए उड़ान शुरू होने के बाद शहर का औद्योगिक स्वरूप फिर से बढ़ सकेगा। सर्वाधिक चमड़ा व्यापारियों को लाभ मिलेगा जो लखनऊ से मुंबई की फ्लाइट पकड़ते थे जिसमें कानपुर से लखनऊ जाने में दो घंटे से अधिक का समय बर्बाद होता था। लेकिन अब कानपुर से जितना समय लखनऊ जाने में लगता है, उतने समय में वह कानपुर से मुंबई पहुंच जाएंगे।

बॉक्स

अब कोलकाता, पुणे, हैदराबाद की बारी

कानपुर से दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट शुरू करने के बाद स्पाइस जेट का अगला लक्ष्य कानपुर से कोलकाता, बागडोगरा और कानपुर से हैदराबाद और पुणे की फ्लाइट शुरू करने की योजना है। इससे शहर व आसपास डिस्ट्रिक्ट के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। जरूरी कार्य के लिए अक्सर इन शहरों में जाने वाले यात्रियों के लिए हवाई यात्रा आसान हो जाएगी और समय की भी बचत होगी।

Posted By: Inextlive