-हाउस टैक्स बकाया तो कुर्क होंगे मकान

-नोटिस ऑफ डिमांड जारी करने के बाद भी लोगों ने नहीं जमा किए टैक्स

-350 से अधिक बकायेदारों को नोटिस जारी करेगा नगर निगम

GORAKHPUR: नगर निगम के नोटिस जारी करने के बाद भी बकाया हाउस टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। नगर निगम ने जोन 3 व 4 के 208 बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की नोटिस जारी करने की तैयारी पूरी कर ली है। निगम के जोन 1 व 2 बकाया की वसूली के लिए आरसी जारी करने की तैयारी की जा रही है। कुर्की की नोटिस जारी करने के लिए निगम ने सूची तैयार कर ली है और इसकी जांच की जा रही है कि किसी बकायेदार द्वारा स्थगन आदेश तो नहीं लिया गया है। जांच के बाद सभी बकाएदारों के नाम अखबारों में प्रकाशित कराए जाएंगे।

700 को जारी हुई थी नोटिस

10 हजार से अधिक के बकायेदारों को चिह्नित कर नगर निगम ने 700 को नोटिस जारी किया था। नोटिस रिसीव होने से लेकर 15 दिनों का समय टैक्स जमा करने के लिए दिया गया था। नोटिस जारी होने के बाद निगम के टैक्स कलेक्टर व इंस्पेक्टर समयावधि पूरी होने पर टैक्स की वसूली कर रहे हैं। ज्यादातर लोगों ने टैक्स जमा कर दिया है। अभी भी 500 से अधिक ऐसे लोग हैं, जो हाउस टैक्स नहीं जमा कर रहे हैं। ऐसे बकाएदारों पर सख्ती बरतते हुए नगर निगम कुर्की की कार्रवाई की तैयारी में है।

दिसंबर में वसूले एक करोड़ रुपए

बकाया टैक्स की वसूली के लिए नगर निगम के प्रयास रंग ला रहे हैं। पिछले साल की अपेक्षा करीब 80 प्रतिशत अधिक की वसूली हुई है। 2018 के दिसंबर में पिछले साल से 67 लाख रुपए की वसूली हुई है जबकि इस बार दिसंबर में 1.02 करोड़ की वसूली हो चुकी है। जोन 1 में 33,06,410, जोन 2 में 30,86,988, तीन में 18,19,921 और चार में 19,88,092 रुपए की वसूली हो चुकी है। नगर निगम का सलाना टैक्स वसूली का लक्ष्य 17 करोड़ रुपए है। दावा किया जा रहा है कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले निगम लक्ष्य से अधिक की वसूली कर लेगा।

जोन 1 व 2 में आरसी की तैयारी

नगर निगम के 1.31 लाख मकानों को चार जोनों में बांट दिया गया है। जोन 1 व 2 की वसूली के लिए मुख्य कर निर्धारण और जोन 3 व 4 के मकानों की वसूली के लिए कर निर्धारण अधिकारी को चार्ज सौंपा गया है। जोन 3 व 4 में बकाएदारों के खिलाफ कुर्की की नोटिस जारी की जा रही है, जबकि 1 व 2 बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी करने की तैयारी चल रही है। निगम ने बकाएदारों की सूची तैयार कर ली है, जल्द प्रक्रिया को अंजाम दे दिया जाएगा।

वर्जन

टैक्स बकाएदारों को नोटिस जारी की जा चुकी है। इसके बाद भी 208 लोगों ने टैक्स नहीं जमा किया है। सोमवार तक इनके खिलाफ कुर्की नोटिस जारी कर दी जाएगी।

शशिकला, कर निर्धारण अधिकारी

Posted By: Inextlive