बादशाही मंडी में घायल युवक के घर की सीढ़ी पर मिला तमंचा

पूरे सप्ताह शांत रहा जिला शनिवार की रात अचानक गरमा उठा। शहर के बादशाही मंडी में एक युवक को गोली मार दिये जाने की सूचना रात नौ बजे आयी तो इसके थोड़ी ही देर बाद होलागढ़ में एक की गोली मारकर हत्या कर दिये जाने की सूचना आ गयी। बादशाही मंडी में गोली से घायल युवक को एसआरएन में भर्ती कराया गया है। होलागढ़ में मारे गये व्यक्ति की बॉडी को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कैसे लगी सनी को गोली

बादशाही मंडी में गोली लगने से घायल युवक का नाम सन्नी पांडेय बताया गया है। प्रारंभिक सूचना में बताया गया कि उसे जमीन को लेकर चल रहे विवाद में गोली मारी गयी है और गोली मारने वाला उसका रिश्तेदार ही है। घायल को लेकर परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे जहां से हालत गंभीर होने पर एसआरएन रिफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को तमंचा सन्नी के घर की सीढ़ी पर ही मिला। इसके आधार पर पुलिस ने गोली मारे जाने की स्टोरी पर संदेह जताया। देर रात स्पॉट का निरीक्षण करने के साथ परिवार के सदस्यों से पूछताछ के लिए खुद एसएसपी पहुंच गये।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

दूसरी घटना होलागढ़ कस्बे के बेडि़याना मोहल्ले में हुई। मारे गये युवक का नाम काली घटा बताया गया है। उसकी उम्र करीब 30 साल थी। वह पहलवानी के साथ पशुओं का कारोबार करता था। उसकी हत्या घर के सामने ही रात साढ़े नौ बजे के करीब की गयी। कारण दोनों के बीच आपसी विवाद बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ मौके पर पहुंच गये। उन्होंने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया और उग्र लोगों को शांत करने में जुट गये।

Posted By: Inextlive