RANCHI : कुख्यात अपराधी अमरेन्द्र तिवारी की छपरा में गोली मारे जाने के बाद रांची के अंडरव‌र्ल्ड में एक सनसनी फैल गई है। रांची अंडरव‌र्ल्ड के लोगों का कहना है कि उनलोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि अमरेंद्र की हत्या हो गई है। उस पर रांची, बोकारो, पतरातू, बरकाकाना, भुरकुंडा व अन्य थानों हत्या और लूट के कई मामले दर्ज हैं। जब अमरेंद्र तिवारी का नाम भोला पांडेय हत्याकांड से जुड़ा तो उसके भी इनकाउंटर में मारे जाने की अफवाह फैली थी। लेकिन, उसकी बॉडी नहीं मिलने के कारण पुलिस को विश्वास नहीं हुआ। भोला पांडेय हत्याकांड के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा और हजारीबाग जेल में डाल दिया। जेल से जमानत पर छूटने के बाद अपने गांव चला गया था। बताया जाता है कि जेल से निकलने के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा था। इसलिए वह झारखंड छोड़कर बिहार रहने के लिए चला गया था।

व्यवसायियों से वसूलता था रंगदारी

अमरेन्द्र अपराधी अमरेन्द्र तिवारी सुशील श्रीवास्तव का मुख्य शूटर था। अमरेंद्र का मुख्य पेशा यूपी, बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल में ठेकेदारों व बड़े-बड़े व्यवसायियों से रंगदारी मांगना और रंगदारी नहीं देने पर उनकी हत्या करना था। रंगदारी नहीं देने पर उसने कई लोगो की हत्या की थी। अमरेन्द्र तिवारी मूल रूप से बिहार के छपरा जिला अंतर्गत रसूलपुर थाना क्षेत्र के घूरापाली गांव का रहने वाला था।

भोला पांडेय हत्या कांड का था मुख्य आरोपी

अपराधी अमरेंद्र तिवारी वर्ष 2009 में भोला पांडेय हत्या कांड का मुख्य आरोपी था। अमरेन्द्र के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी के दर्जनों मामले रामगढ़ के पतरातू, बरकाकाना, भुरकुंडा व अन्य थानों में दर्ज हैं। इसके अलावा झारखंड के अन्य जिलों जैसे हजारीबाग, रांची, बोकारो, धनबाद में भी उसका दहशत था। सुशील श्रीवास्तव के गैंग का अमरेन्द्र अहम सदस्य माना जाता था। मिली जानकारी अनुसार अमरेंद्र तिवारी पर रांची, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2017 में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।

इन वारदातों में था मोस्ट वांटेड

वर्ष 2011

-बोकारो के बालीडीह मे रेलवे ठेकेदार विनय मिश्र की हत्या

-बोकारो में रेलवे ठेकेदार पप्पू सिंह के घर बमबारी

रामगढ़ के पतरातू में अभियंता मनीष कुमार की हत्या

2009

-रामगढ़ के बरकाकाना ओपी क्षेत्र में रेलवे ठेकेदार की हत्या

-पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष बबलू सोनकर पर फायरिंग

2008

-रामगढ़ के भुरकुंडा में ठेकेदार गौतम सिंह की हत्या।

2007

-रांची के अरगोड़ा क्षेत्र के कोयला व्यवसायी जावेद अख्तर की हत्या

Posted By: Inextlive