- ऋषिकेश में नगर निगम वार्ड संख्या तीन के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका यादव जीतीं

- श्रीनगर गढ़वाल नगर पालिका के कुल 13 वार्डों में सात वार्डों पर निर्दलीय, पांच वार्डों पर भाजपा और एक वार्ड पर कांग्रेस प्रत्याशी रहा विजयी

DEHRADUN: देहरादून नगर निगम के वार्ड 61 (तरला आमवाला) पर दोबारा कराए गए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीतू वाल्मीकि ने जीत हासिल की। ऋषिकेश में नगर निगम वार्ड संख्या तीन के उपचुनाव में पार्षद की सीट भाजपा प्रत्याशी प्रियंका यादव ने जीती। उधर, श्रीनगर गढ़वाल नगर पालिका के कुल 13 वार्डों में सात वार्डों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। जबकि पांच वार्डों पर भाजपा और एक वार्ड पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा।

देहरादून नगर निगम के वार्ड 61 (तरला आमवाला) पर दोबारा कराए गए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीतू वाल्मीकि ने जीत हासिल की है, जबकि दूसरे स्थान पर कांग्रेस प्रत्याशी मोनिका रहीं। नीतू ने यह चुनाव 190 मतों से जीता। पूर्व में निर्वाचित प्रत्याशी का जाति प्रमाण पत्र निरस्त होने के चलते वार्ड 61 पर मंडे को दोबारा चुनाव कराए गए थे। पोस्ट बैलेट से कराए गए मतदान में इस वार्ड में कुल 40.13 फीसद मत पड़े थे। वेडनसडे को सहायक निर्वाचन अधिकारी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता डीके सिंह की देखरेख नगर निगम में मतगणना शुरू कराई गई। गणना के परिणाम के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी को 1641 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहीं कांग्रेस प्रत्याशी मोनिका को 1451 वोट मिले। वहीं, तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी ऊषा रानी को 339 व चौथे स्थान पर रहीं लक्ष्मी को 56 ही वोट मिल पाए।

भाजपा ने कांग्रेस से झटकी पार्षद की सीट

ऋषिकेश में नगर निगम वार्ड संख्या तीन के उपचुनाव में पार्षद की सीट भाजपा ने जीत है। भाजपा प्रत्याशी प्रियंका यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी श्यामा को 356 मतों से पराजित किया। प्रियंका को 923 श्यामा को 567 मत प्राप्त हुए। कुल 2160 मतदाताओं में 1535 लोगों ने मतदान किया था। नगर निगम वार्ड संख्या तीन दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पार्षद पद के लिए बीते मंडे को मतदान हुआ था। वेडनसडे को तहसील मुख्यालय में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। करीब तीन घंटे चली मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा निर्वाचन अधिकारी रामगोपाल यादव ने की। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी प्रियंका यादव को 923 और कांग्रेस प्रत्याशी श्यामा को 567 मत मिले। निर्वाचन अधिकारी रामगोपाल यादव ने विजेता प्रत्याशी प्रियंका यादव को प्रमाण पत्र सौंपा।

श्रीनगर में पालिका चुनाव में निर्दलियों का परचम

श्रीनगर नगर पालिका चुनाव में सभासद पदों पर निर्दलियों ने भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले बढ़त बनाने में सफलता प्राप्त कर ली। नगर पालिका के कुल 13 वार्डों में सात वार्डों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। जबकि पांच वार्डों पर भाजपा और एक वार्ड पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। श्रीनगर नगरपालिका के वार्ड नंबर एक से निर्दलीय संजय फौजी, वार्ड नंबर दो से निर्दलीय विभोर बहुगुणा, वार्ड नंबर तीन से निर्दलीय राकेश सेमवाल, वार्ड नंबर छह से निर्दलीय सूरज, वार्ड दस से निर्दलीय अनीता देवी, वार्ड 11 से निर्दलीय हिमांशु बहुगुणा पुन्नू और वार्ड नंबर 12 से निर्दलीय हरि सिंह मियां विजयी रहे। वार्ड पांच से भाजपा के विनीत पोस्ती पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके हैं। वार्ड नंबर चार से भाजपा के अनूप बहुगुणा, वार्ड नंबर आठ से भाजपा की प्रमिला भंडारी, वार्ड नंबर नौ से भाजपा की पूजा गौतम, वार्ड नम्बर 13 से भाजपा की कविता रावत विजयी रहीं। वार्ड नंबर सात से कांग्रेस की कु। विनोद मैठाणी सभासद चुनी गई। चुनाव परिणाम घोषित होते ही सभी सभासदों को चुनाव में विजयी होने के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

Posted By: Inextlive