RANCHI : जन भागीदारी विकास का मूलमंत्र है। देश की सवा अरब आबादी की सहभागिता के बगैर इंडिया को डेवलप कंट्री नहीं बनाया जा सकता है। देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा तो जनता का भी कल्याण होगा। वेडनसडे को बीजेपी के पीएम पोस्ट के कैंडिडेट नरेंद्र मोदी ने कोडरमा के ब्लॉक ग्राउंड में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कही। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता की ताकत पर पूरा विश्वास है। अगर जनता का साथ मिला तो देश को नए मुकाम पर पहुंचाएंगे।

लालबहादुर को नमन

नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण के दौरान देश के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश को कर्ज से बचाने के लिए जय जवान और जय किसान का नारा दिया था। देशवासियों ने इस नारे को क्रांति के रूप में लिया। किसानों ने खेतों में खूब पसीना बहाया। उसी का नतीजा है कि आज अनाज के मामले में देश आत्मनिर्भर है।

कांग्रेस को सिर्फ सत्ता चाहिए

नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया.उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ देश की सत्ता चाहिए, इसके अलावे कुछ भी नहीं। मोदी ने कहा कि दिल्ली में बैठी कांग्रेस की सरकार अपनी सत्ता का इस्तेमाल फिर से सत्ता में आने के लिए कर रही है। जनता किन कठिनाईयों के दौर से गुजर रही है, उसकी चिंता मनमोहन सरकार को नहीं है। यही वजह है कि सरकार के तमाम आश्वासनों के बाद भी महंगाई और करप्शन से देश की जनता को निजात नहीं मिल सका है।

नेचुरल रिसोर्सेज हैं मगर

कोडरमा सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे पार्टी के स्टेट प्रेसिडेंट डॉ रवींद्र राय के समर्थन में उन्होंने लोगों को वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेचुरल रिसोर्सेज के मामले में झारखंड सबसे धनी राज्य है, लेकिन इसका सही से इस्तेमाल नहीं होने से यहां के लोग गरीब है। अगर बीजेपी की सरकार आई तो झारखंड के विकास को नई दिशा दी जाएगी। मोदी ने कहा कि यहां की सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा समाज का हर तबका भुगत रहा है। गरीब भूखे मर रहे हैं। युवा रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं। महिलाएं अपने को अनसेफ महसूस कर रही हैं। ऐसे में आज देश बदलाव मांग रहा है।

किसानों को मिला सम्मान

मोदी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो उसे करना चाहिए, उसे गुजरात सरकार कर रही है। झारखंड के 12 किसानों को गुजरात में सम्मानित किया गया। झारखंड में कृषि और एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटीज के बीच तालमेल और सामंजस्य नहीं है। यदि दोनों मिलकर काम करें तो पूरा राज्य खुशहाल बन जाएगा।

झारखंड मे दूसरी बार चुनावी सभा

इलेक्शन डेट्स अनाउंस होने के बाद बीजेपी के पीएम पोस्ट के कैंडिडेट नरेंद्र मोदी की झारखंड में दूसरी चुनावी सभा थी। इससे पहले 27 मार्च को मोदी ने गुमला और चतरा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। हालांकि, रांची में भी वे एक जनसभा को संबोधित कर चुके हैं, पर यह जनसभा इलेक्शन डेट्स अनाउंस होने के पहले आयोजित हुआ था।

Posted By: Inextlive