विधानसभा अध्यक्ष ने किया नारी निकेतन का निरीक्षण

-निरीक्षण के बाद व्यवस्था दुरुस्त होने का किया दावा

-संवासिनियों को बनाया जा रहा आत्मनिर्भर

-सभी राजनीतिक दलों को व्यवस्था देखने का न्योता

>DEHRADUN: मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने नारी निकेतन (अब किशोरी एवं महिला कल्याण केंद्र) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद वहां पर व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा किया। कहा कि संवासिनियों को आत्म निर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है और उनके भोजन, रहने के की व्यवस्थाओं में भी सुधार कराया गया है। उनके साथ कई और शासन के अधिकारी थे। उन्होंने राजनैतिक पार्टियों को भी व्यवस्था देखने को बुलाया था, लेकिन भाजपा, यूकेडी, बसपा, सपा आदि किसी भी पार्टी से कोई नेता निरीक्षण में शामिल नहीं रहा।

निरीक्षण में शामिल रहे कांगे्रसी

मंगलवार को शाम करीब चार बजे बजट सत्र से ठीक एक दिन पहले विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष सरिता आर्य के साथ कई अन्य कांगे्रस नेता निरीक्षण के लिए नारी निकेतन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान संवासिनियों के रहने, खाने-पीने सहित तमाम व्यवस्थाएं देखी गई। साथ ही कुछ दिशा निर्देश्ा भी दिए।

सरकार की सराहना की

निरीक्षण के बाद विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि अब नारी निकेतन की सूरत ही बदल गई है। सरकार भले ही पहले ध्यान नहीं दे रही थी, लेकिन अब नारी निकेतन में बहुत सुधार हो चुके हैं। इससे नारी निकेतन का स्वरूप ही बदल गया है। संवासिनियों को सभी जरूरी सुविधाएं मिल रही है।

संवासिनी बोली नहीं मिलता समय पर खाना

विस अध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान एक संवासिनी ने कहा कि उसे खाना पीना सही तरह से नहीं मिलता है। वह चमोली की रहने वाली है और विवाहित है। आठ महीने से वह नारी निकेतन में है, लेकिन यहां खाना ठीक तरह से नहीं मिलता है। इसके अलावा भी उन्होंने कई अव्यवस्थाएं गिनाते हुए कहा कि वह अपने घर जाना चाहती हैं। वहीं नारी निकेतन स्टाफ ने बताया कि यह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

सभी राजनैतिक पार्टियों को आना चाहिए था

विस अध्यक्ष ने कहा कि सभी राजनैतिक पार्टियों के पदाधिकारी सुनी हुई बातों के आधार पर नारी निकेतन को लेकर आरोप लगाते हैं। यह ठीक नहीं है। आज निरीक्षण में सभी को आना चाहिए था। ताकि वह भी यहां की व्यवस्थाएं देख सके।

संवासिनियों को पढ़ाएगी सरकार

विस अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि सरकार कोशिश कर रही है कि यहां रहने वाली जो लड़कियां पढ़ना चाहती हैं, उन्हें पढ़ाया जाएगा और आगे बढ़ने पर पूरी मदद की जाएगी। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण सचिव भूपेंद्र कौर औलख, निदेशक वीएस धनिक, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर आदि मौजूद रहे।

फोटो- निकेतन

Posted By: Inextlive