-नौ दिनी नवरात्र शुरू हो रहा है बुधवार से, मां दुर्गा के पूजन की तैयारियों का दिखा जोर

VARANASI

शक्ति की आराधना के महापर्व नवरात्र की शुरुआत बुधवार से हो रही है। शिव की नगरी काशी नवरात्र के नौ दिनों शक्ति की उपासना में डूब जायेगी। घरों से लेकर मंदिरों तक हर जगह मां के स्वागत की तैयारियों का जोर है। नवरात्र के नौ दिनों तक घर घर में कलश स्थापित कर मां दुर्गा की पूजा की जायेगी। दुर्गा सप्तशती के पाठ से शहर गूंज उठेगा। मां की पूजा के सामानों की सैकड़ों छोटी बड़ी दुकानें सज गयी हैं। कलश, चुनरी, नारियल व अन्य पूजा सामग्री खरीदने के लिए लोगों का रेला सोमवार को इन दुकानों पर उमड़ता रहा। मंगलवार को मां दुर्गा के पूजन सामग्री की खरीदारी अपने चरम पर होगी।

नौ दिन का है नवरात्र

ज्योतिषविद् पं। चक्रपाणि भट्ट बताते हैं कि इस बार नवरात्रि का प्रारम्भ 10 अक्टूबर बुधवार को हो रहा है। कलश स्थापना के लिए प्रतिपदा काल श्रेयस्कर होता है इसलिए प्रतिपदा में कलश-स्थापन सुबह 7.56 तक करना उचित है। यदि यह सम्भव न हो सके तो दिन में 11.37 से 12.23 बजे के मध्य अभिजीत योग में भी कलश-स्थापन का शुभ मुहूर्त है। इस बार दुर्गा जी का आगमन अश्व (घोड़े) पर हो रहा है, जो राज्य-भय एवं युद्ध की स्थिति उत्पन्न करता है। देवी का प्रस्थान गज (हाथी) पर होगा जो सुख की वृद्धि तथा उत्तम वर्षा का सूचक है। नवरात्रि की पूर्ण आहुति 18 अक्टूबर गुरुवार को दिन में 2.32 बजे तक नवमी तिथि के अंतर्गत कर लेना शुभ है.19 अक्टूबर शुक्रवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन तथा विजया दशमी (दशहरा) का पर्व मनाया जायेगा।

Posted By: Inextlive