यूगॉव' नाम की एक फर्म ने पूरी दुनिया में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं की एक सूची जारी की है जिसमें दीपिका पादुकोण को नौवां स्थान मिला है। दीपिका ने बॉलीवुड अभिनेत्रियों में से प्रियंका चोपड़ा दसवां और ऐश्वर्या राय बच्चन ग्यारहवां स्थान को पीछे छोड़ा है।

 

मुंबई (ब्यूरो)। बॉलीवुड में तो अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का कोई सानी नहीं है, साथ ही सफलता लगातार उनके कदम चूम रही है। अब उनके नाम एक और उपलब्धि हो गई है। दरअसल 'यूगॉव' नाम की एक फर्म ने पूरी दुनिया में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं की एक सूची जारी की है, जिसमें दीपिका पादुकोण को नौवां स्थान मिला है। दीपिका ने बॉलीवुड अभिनेत्रियों में से प्रियंका चोपड़ा (दसवां), और ऐश्वर्या राय बच्चन (ग्यारहवां) स्थान को पीछे छोड़ा है।

बिल गेट्स और एंजेलिना जॉली भी लिस्ट में शामिल 


 दिलचस्प है कि इस सूची में बॉलीवुड के एकमात्र मेल एक्टर अमिताभ बच्चन को जगह मिली है। इस सूची में बिल गेट्स और एंजेलिना जॉली जैसी शख्सियतें भी शामिल हैं। गौरतलब है कि 'यूगॉव' एक अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट बेस्ड मार्केट रिसर्च और डेटा एनालिटिक्स फर्म है, जिसका मुख्यालय ब्रिटेन में हैं। इस फर्म का व्यापार यूरोप, उत्तर अमेरिका, मिड ईस्ट और एशिया-पैसीफिक में फैला हुआ है। इस सूची में 35 देशों की शख्सियतों को चुनाव एवं प्रश्नोत्तरी के आधार पर इंटरनेट के माध्यम से चुना गया है। 

दीपिका की 'पद्मावत' ने बाक्स ऑफिस में किया 300 करोड़ का बिजनेस 

इस सूची में 20 पुरुष और 20 महिला शख्सियतों को स्थान दिया गया है। देखा जाए तो यह उपलब्धि भी दीपिका के सम्मान में चार चांद लगाती है। यह साल उनके लिए काफी अच्छा रहा है। एक ओर तो उनकी फिल्म 'पद्मावत' ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ का बिजनेस किया, वहीं दूसरी ओर टाइम पत्रिका के इस साल के 100 प्रभावशाली व्यक्तित्वों में भी दीपिका को जगह मिली। साथ ही वैराइटी के इंटरनेशनल वूमन्स इंपैक्ट रिपोर्ट 2018 में भी दीपिका को जगह दी गई। आज दीपिका बॉलीवुड में सबसे ज्यादा पारिश्रमिक पाने वाली अभिनेत्री हैं और साथ ही विज्ञापन फिल्मों में भी इनका सिक्का चलता है। 

दीपिका ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली पहली एशियाई 


केवल इतना ही नहीं, पूर्व बैडमिंटन सितारे प्रकाश पादुकोण की बेटी दीपिका सोशल मीडिया पर भी हावी हैं। सोशल मीडिया पर इनके 75 मिलियन से अधिक फैंस हैं। साथ ही, वे ट्विटर पर भी सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली एशियाई महिला हैं। दीपिका ने केवल फिल्मी या ग्लैमर की दुनिया में ही अपना नाम नहीं जमाया है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी वे आगे हैं। वे पहली अभिनेत्री हैं, जिन्होंने मानसिक बीमारी और अवसाद से खुद गुजरने की स्थिति को सबके सामने जाहिर किया था। फिलहाल वह अपने एनजीओ 'द लाइव लव लाफ फाउंडेशन (टीएलएलएफ)' के माध्यम से मानसिक बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने का काम कर रही हैं। 

ये भी पढ़ें: 'हाउसफुल 4' में संजय दत्त की जगह लेंगे नाना!

Posted By: Swati Pandey