एक महीने में पांच मर्डर कर चुके हैं छुटभैया बदमाश

डकैती व लूट करते कई बदमाश हो चुके हैं गिरफ्तार

Meerut। छुटभैया बदमाशों ने शहर में आतंक मचा रखा है। शायद ही ऐसा कोई दिन गुजरता हो, जिस दिन शहर में बदमाश वारदातों को अंजाम न देते हों। पुलिस के आंकड़ों मुताबिक शहर में चेन लूट, मोबाइल लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास जैसी जितनी भी वारदात हुई हैं, उन्हें छुटभैया बदमाशों ने ही अंजाम तक पहुंचाया है। इसके साथ ही छुटभैया बदमाश बीते एक महीने में पांच मर्डर भी कर चुके हैं। जबकि वांटेड चल रहे बड़े बदमाश साइलेंट मोड में हैं।

छुटभैया बदमाशों ने की हत्या

केस 1

30 अक्टूबर को नई बस्ती में सब्जी का ठेला लगाने वाले अनिल उर्फ छोटू को छुटभैया बदमाशों ने पहले लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद उसका ब्लेड से गला काट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या करने वाले अरूण उर्फ गेंडा व शिवम पुत्र श्याम सुंदर जाटव को दबोच लिया था।

केस 2

29 अक्टूबर को श्याम नगर निवासी सरफराज की बदमाशों ने गला काटकर हत्या कर दी थी। उसका शव बोरे में बंद करके खत्ता रोड पर फेंक दिया था। ब्रह्मपुरी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने इस हत्या में किसी बड़े बदमाश का हाथ होने से इंकार किया है।

छुटभैया बदमाश ने मचाया आतंक

29 अक्टूबर

करवा चौथ की देर रात दौराला थाना क्षेत्र के ग्राम मछरी में किसान सुंदरपाल सैनी की उनके घर में सोते समय फरसे से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। दौराला थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। नौकर के साथ मिलकर पत्नी व उसके बेटे ने हत्या की थी।

9 अक्टूबर

ब्रह्मपुरी के गौरीपुरा में विजिलेंस से रिटायर्ड दरोगा प्रताप सिंह का बेटा मनोज गत 21 सितंबर को सामान लेने के लिए ब्रह्मपुरी गया था। देर रात तक वापस नहीं वह वापस नहीं आया। एसएसपी के निर्देश पर इंस्पेक्टर समरजीत ने शक के आधार पर देहली गेट में रहने वाले रामबाबू, फिरोज व इमरान को उठा लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने मनोज की हत्या करना कुबूल कर लिया।

5 अक्टूबर

पीसीएस की तैयारी करने वाली छात्रा मवाना से अपने घर से ईव्ज चौराहे स्थित एक नर्सिग होम में आई थी। वह शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। बाद में अर्धनग्न हालत में छात्रा का शव मिला था। पुलिस ने गैंगरेप के आरोप में छुटभैया बदमाश आरोपी लाखन को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दूसरा बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आ सका।

छुटभैया बदमाश रडार पर

2 नवंबर

टीपी नगर निवासी योगेश के घर के सामने दो युवक खड़े होकर बात कर रहे थे। योगेश ने विरोध किया तो युवकों ने उनके ऊपर फायर झोंक दिया।

31 अक्टूबर

रमेश विहार स्थित सुनील की पत्नी पूजा साबुन गोदाम स्थित एसबीआई से एक लाख रुपये निकालकर अपने घर जा रही थी। रमेश विहार के पास ही दो बाइक सवार चार बदमाशों ने उनसे एक लाख रुपये व चेन लूट ली। इतनी देर में उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद आसपास के खड़े लोगों ने दोनों बाइकसवार चार बदमाशों को दबोच लिया।

31 अक्टूबर

सीसीएसयू के प्रोफेसर रविंद्र कुमार पर अज्ञात बदमाशों ने उनके कार्यालय में फायर झोंक दिया। जिससे प्रो। रविंदर बाल-बाल बच गए।

27 अक्टूबर

नूरनगर निवासी संजय के आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे आकाश का पड़ोस में रहने वाले सोनू ने अपहरण कर लिया था। परिजनों ने ब्रह्मापुरी थाने में आरोपी सोनू के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर आकाश को छुड़ा लिया था।

22 अक्टूबर

रिठानी निवासी भरतवीर डोयला पर बाइक सवार युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। इसके बाद फायरिंग भी की। भरतवीर ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी। बाद में भरतवीर ने ब्रहमपुरी थाने में मामला दर्ज कराया था।

9 अक्टूबर

लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के फतेहल्लापुर में सरफराज के घर पर हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने हमला बोल दिया था। पिस्टल के बल पर उसे बंधक बनाते हुए लूटपाट भी की थी। जिसके बाद पुलिस ने कासिम, हामिद व हारून को गिरफ्तार कर लिया था।

छुटभैया बदमाश वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस भी उनकी गिरफ्तारी के लगातार प्रयास कर रही है। कई बदमाशों को गिरफ्तारी भी किया जा चुका है।

अखिलेश कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive