RANCHI: साल 2018 नई-पुरानी यादों के साथ बीत गया। आज से साल 2019 शुरू हो रहा है। इस नए साल में रांची को बहुत कुछ नया मिलने जा रहा है जो हमेशा के लिए यादगार बन कर रह जाएगा। साल 2019 में झारखंड का पहला नया विधानसभा बनकर तैयार होगा। इसी साल राज्य को पहला झारखंड हाई कोर्ट भवन भी मिल जाएगा। साथ ही इस नए साल में झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट का भवन बनकर तैयार होगा। सबसे खास बात इस साल रांची के लोगों को धरती आबा बिरसा मुंडा पुराने जेल को धरोहर के रूप में संजोते हुए म्यूजियम के रूप में देखने को मिलेगा।

जुपमी भवन बनकर तैयार

रांची स्मार्ट सिटी में चयन होने के साथ ही राज्य का पहला झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट(जुपमी) का भवन मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह राज्य का पहला इंस्टीट्यूट होगा जहां शहर के विकास की योजनाओं की प्लानिंग, एग्जीक्यूशन के बारे में लोगों को पढ़ाया जाएगा। स्मार्ट सिटी के हटिया इलाके में यह इंस्टीट्यूट बन रहा है। झारखंड अरबन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के लिए आठ भवन बनाए जा रहे हैं। इनमें से चार भवनों को मार्च 2019 तक विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। मार्च के बाद झारखंड अरबन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट परिसर में विभाग के कुछ दफ्तरों को भी शिफ्ट करने की योजना है। 155 करोड़ की लागत झारखंड अरबन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के भवन का निर्माण से हो रहा है।

शुरू होगा नया विधानसभा

झारखंड विधानसभा का नया भवन कुटे में बन कर तैयार होने वाला है। 2019 में यह भवन हैंडओवर हो जाएगा। 290 करोड़ की लागत से यह भवन बन रहा है। 39 एकड़ जमीन पर बनने वाले विधानसभा भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है। भवन की डिजाइन कोलकाता की जैकब कंपनी ने तैयार की है। राज्य बनने के 15 साल बाद भी झारखंड का अपना विधानसभा भवन नहीं है। यह एचईसी के लेनिन हॉल में चल रहा है, यहां 81 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि नए भवन में 150 विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने घोषणा की है कि 2019 का बजट नए विधानसभा में ही पेश किया जाएगा।

बिरसा मुंडा जेल बनेगा राष्ट्रीय स्मारक

जिस कारावास में धरती आबा ने देश की खातिर कुर्बानी दी, वह स्थल अब राष्ट्रीय महत्व का स्मारक बनेगा। भारत और झारखंड सरकार के संयुक्त प्रयास से रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा जेल को म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा रहा है। 2019 में यह स्मारक बनकर तैयार हो जाएगा। बिरसा मुंडा को रांची की जिस जेल में रखा गया था, अब यहां जेल नहीं है। अब यह स्मृति स्थल के रूप में जाना जाता है। भारत सरकार ने इसे सेल्यूलर जेल की तरह विकसित करने का निर्णय लिया है। बिरसा मुंडा जेल परिसर लगभग 44 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। लेकिन मुख्य संरक्षित क्षेत्र साढ़े चार एकड़ में है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 38 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसमें भारत सरकार की ओर से 25 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

नया हाईकोर्ट भवन मिलेगा

झारखंड में नया हाईकोर्ट कैंपस धुर्वा इलाके में बनकर तैयार है। 2019 में यह शुरू हो जाएगा। 165 एकड़ में नया झारखंड हाईकोर्ट बन रहा है। इन 165 एकड़ में से 69 एकड़ जमीन हाईकोर्ट के प्रशासनिक भवन, कोर्ट रूम, अधिवक्ता रूम और अन्य कार्यालयों के लिए चिन्हित है। इसके अलावा 70 एकड़ जमीन में जजों और अन्य कर्मचारियों का आवासीय परिसर बनना है। वहीं 15 एकड़ जमीन ग्रीन बेल्ट और 11 एकड़ जमीन सड़क के लिए चिह्नित है।

Posted By: Inextlive