- नगर निगम ने रमजान के लिए नहीं किया कोई विशेष इंतजाम

- न अधिकारियों ने कोई टीम बनाई और न ही पार्षदों की समस्याएं सुनी

ALLAHABAD: अल्लाह-त-आला की इबादत, अकीदत का महीना शुरू होने वाला है। लेकिन इबादत में कोई खलल न पड़े, इसके लिए नगर निगम ने कोई प्लानिंग नहीं की है। सब कुछ रूटीन की तरह है। जबकि इबादत के इस महीने के लिए विशेष इंतजाम किए जाने चाहिए थे। नगर निगम की लापरवाही और मनमानी से पब्लिक काफी गुस्से में है।

साफ-सफाई का कोई प्लान नहीं

मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रमजान के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था टाईट रहे, इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। वहीं एडब्ल्यूपी ने भी अब घर-घर सीटी बजा कर कूड़ा उठाना बंद कर दिया है।

मस्जिदों के पास नहीं है लाइट

रमजान के महीने में लोग देर रात तक मस्जिदों में अल्लाह की इबादत करते हैं। तरावीह की नमाज पढ़ी जाती है, कुरानख्वानी होती है। फिर भी शहर के 80 वार्डो में से ज्यादातर वार्डो के आस-पास रोशनी की व्यवस्था नहीं है। ट्यूबलाइट खराब हैं, चोक भी काम नहीं कर रहे। वहीं नगर निगम चुप बैठा है।

नगर आयुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन

रमजान को लेकर शहर में चौकस व्यवस्था न किए जाने के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी तारिक सईद अज्जू के नेतृत्व में लोगों ने नगर आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए रमजान में पूरे नगर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त किए जाने, पीने के पानी का इंतजाम करने, मस्जिदों के आस-पास खराब स्ट्रीट लाइटों को बदले जाने, दवा का छिड़काव करा जाने की मांग की। कहा कि बजबजाती नालियों की ठीक से सफाई कराई जाए। प्रदर्शन करने वालों में वीरेंद्र सोनकर, सुनील कुमार, रामजीत, इशरत अली, इरशाद उल्ला, महताब खां, तारिक सईद अज्जू, रामजी यादव, चमन रावत शामिल रहे।

हर जगह से उठ रही आक्रोश की आवाज

मौलाना मोहम्मद अली जौहर मेमोरियल कमेटी के सदस्यों ने सैटरडे को मीटिंग कर शहर में सफाई, बिजली, पानी की बेहतर व्यवस्था न किए जाने पर आक्रोश जताया। कहा गया कि जगह-जगह दु‌र्व्यवस्थाएं हैं, लेकिन नगर निगम कोई काम नहीं कर रहा है। नालियां टूटी पड़ी हैं। सड़कों पर पानी बह रहा है। पशु गलियों व सड़कों पर बांधे जा रहे हैं। शफीकुर्रहमान, गुलाम कादिर, मो। फैज, एखलाक अहमद अंसारी, शरीफ इलाहाबादी, रईस अहमद नूरी ने नगर निगम को चेतावनी दी कि समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन होगा।

हर इलाके से आ रही है समस्या

करैली, नुरूल्ला रोड, बहादुरगंज, हटिया, कीडगंज, अटाला, सब्जी मंडी, नखासकोहना, अकबरपुर, रोशनबाग, हिम्मतगंज, मिनाजपुर, हम्मामगली, शाहगंज, कोल्हन टोला, रानी मंडी, खुल्दाबाद, अकबरपुर, करबला, रसूलपुर, दरियाबाद, मोहतसिमगंज

-मैं एक सप्ताह से मेडिकल लीव पर था। आज ही वापस आया हूं, कर्मचारियों को आदेश दे दिए गए हैं कि जहां भी दिक्कत हो, उसे दूर किया जाए। पार्षदों की भी शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।

गिरीश कुमार ओझा

अपर आयुक्त नगर निगम

Posted By: Inextlive