- नवीन मंडी का हाल

- ट्रकों को नो एंट्री के नाम पर रोक दे रही है पुलिस

- कच्चा माल खराब होने की समस्या

GORAKHPUR: नवीन मंडी में आने वाली गाडि़यों को नो एंट्री के नाम पर बीच रास्ते में ही रोक दिया जा रहा है। इसके नाते कच्चा माल खराब होने का अंदेशा बना रहता है। हालांकि पिछले वर्ष व्यापारियों ने इसे लेकर काफी हंगामा और धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद जिम्मेदारों ने ंडी में माल लदी गाडि़यों के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस आज भी नो एंट्री के नाम पर गाडि़यों को बाहर ही रोक दे रही है, जिससे मंडी में समय से माल नहीं पहुंच पा रहा है। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

नहीं हटा नो एंट्री का प्रतिबंध

महेवा मंडी में दूर से आने वाली कच्चा माल लदी ट्रकों के प्रवेश से प्रतिबंध हटा दिया गया। तत्कालीन डीएम, एसपी टै्रफिक और टीएसआई की बैठक में निर्णय हुआ था कि खोराबार, राजघाट, नौसढ़, बेलीपार की ओर से मंडी में आने वाली गाडि़यों पर नो एंट्री 8 बजे तक लागू है, लेकिन पुलिस ऐसा करने से कतरा रही है। व्यापारियों का कहना है कि 12 से 2 बजे तक भी नो एंट्री से मुक्त किया गया था। मंडी से खाली गाडि़यों पर प्रतिबंध नहीं था, लेकिन नियम को ताक पर रखकर गाडि़यों को मंडी में आने से रोका जा रहा है। जिससे बाहर से आने वाले मिर्चा, मटर, मछली, टमाटर आदि कच्चा माल खराब हो जा रहे हैं।

दूर से आने वाली ट्रकों को बाहर ही रोक दिया जा रहा है। इसकी वजह से माल खराब होने का खतरा बना रहता है। समय से मंडी में गाड़ी ना पहुंचने से बिक्री पर भी इसका असर पड़ता है।

हाजी आरिफ, व्यापारी

पुलिस वाले नो एंट्री के नाम पर कच्चा माल लदे गाडि़यों को बाहर ही रोक दे रहे हैं। इस पर आपत्ति जताई जाती है, तो उल्टे बेवजह की बात करते हैं। इसकी वजह से व्यापारियों को परेशानी होती है।

मेराज अहमद, व्यापारी

नो एंट्री के नाम पर पुलिस वाले गाडि़यों से वसूली में लगे रहते हैं। इसका खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। निर्धारित समय के बाद भी ट्रकों को रोक दिया जाता है।

कमलेश कश्यप, व्यापारी

ठंड की वजह से दूर-दराज से आने वाला कच्चा माल लेट के कारण समय पर मंडी नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं पुलिस इन गाडि़यों को बाहर ही खड़ी कर देते हैं। नो एंट्री खत्म होने के बाद ही गाडि़यों को छोड़ा जाता है। इससे व्यापारियों की मुसीबत बढ़ जाती है।

शम्स तबरेज, व्यापारी

मंडी में आने वाली गाडि़यों पर नो एंट्री का प्रतिबंध हटाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से यातायात विभाग को पत्र लिखा गया है। जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।

सुभाष यादव, मंडी सचिव

Posted By: Inextlive