PATNA : मुजफ्फरपुर के बालिका गृह में यौन उतपीड़न के बाद हत्याकर दफनाए गए लड़की का शव खोजने के लिए जेसीबी से खुदाई कराई गई ताकि सच्चाई सामने आ सके। लेकिन, शव कापता नहीं चल सका। पुलिस ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नगर थाना के साहू रोड स्थित ब्रजेश ठाकुर के आवास से सटे बालिका गृह परिसर की खुदाई कराई। ब्रजेश इस मामले में आरोपित हैं। शव को दफन किए गए स्थल की निशानदेही के लिए पटना बालिका गृह में रह रहीं तीन लड़कियों को लाया गया था। इन्हीं लड़कियों ने न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष बयान में इस तरह का दावा किया था।

जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी शीला रानी गुप्ता के समक्ष बंद बालिका गृह का सील खोला गया। लड़की ने परिसर में उस स्थान की निशानदेही की, जहां लाश दफन किए जाने का उसने दावा किया था। जेसीबी मशीन से उक्त स्थल की खुदाई कराई गई। लगभग चार फीट खुदाई के बावजूद वहां लाश दफन किए जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला।

Posted By: Inextlive