RANCHI: राजधानी में चारों ओर दुर्गा पूजा का माहौल है। पूजा को लेकर लोगों में उत्साह भी देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद शहर में सफाई का काम सुस्त पड़ा है। जगह-जगह कचरे के अंबार ने लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल कर दिया है। अब तो साइक्लोन तितली के कारण बारिश ने भी रांची नगर निगम की पोल खोलकर रख दी है। इससे नालियों का सारा कचरा निकलकर रोड पर आ गया है। इतना तो तय हो गया है कि आदेशों का एजेंसी पर कोई असर नहीं है। ऐसे में लोगों को गंदगी के बीच ही पूजा करनी पड़ेगी। बताते चलें कि रविवार से कई पूजा पंडालों के पट खुल जाएंगे। इसके बाद मेला घूमने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ेगी।

कनेक्टिंग रोड में कूड़े का ढेर

मुख्य सड़कों पर कचरे का उठाव रेगुलर हो रहा है। लेकिन उससे कनेक्टिंग रोड में गाडि़यां कचरा ही नहीं उठा रही हैं। वहीं एजेंसी को सफाई के लिए गाडि़यों की संख्या भी बढ़ाने का आदेश दिया गया था। लेकिन गाडि़यां मोहल्ले में नजर ही नहीं आ रही हैं। डोर टू डोर कलेक्शन की भी हालत ठीक नहीं है। यूजर चार्ज वसूलने वाले को भगाया

कचरे का उठाव हो नहीं रहा है। इसके बावजूद एजेंसी वाले वेस्ट यूजर चार्ज वसूलने आ रहे हैं। अब दुर्गा पूजा को देखते हुए सफाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। कई लोगों ने तो एजेंसी के स्टाफ्स को फटकार भी लगाई है और उन्हें खाली हाथ लौटा दिया।

पंडालों के आसपास है नगर निगम का ध्यान

पूरे शहर में कचरे का अंबार लगा है। लेकिन नगर निगम का ध्यान केवल पूजा पंडालों के आसपास में है। इसके लिए स्पेशल टीम भी बनाई गई है। यही वजह है कि पंडालों के आसपास इलाके में रेगुलर सफाई वाले जा रहे हैं। वहीं कचरे का एक टुकड़ा भी नजर नहीं आएगा। लेकिन उन्हें आम पब्लिक की चिंता ही नहीं है।

Posted By: Inextlive