उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र में द्वितीय माई भोजपुरी महोत्सव का आयोजन

ALLAHABAD: भोजपुरी विकास एवं शोध संस्थान, कमला ग्राम विकास संस्थान व आशि इंटरटेनमेंट के संयुक्त तत्वावधान में लगातार दूसरे वर्ष 'माई भोजपुरी महोत्सव' का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वाति सिंह व मारीशस राजदूत जगदीश गोवर्धन ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान भोजपुरी को बेधड़क बोलचाल में शामिल करने पर जोर दिया गया।

भोजपुरी भाषा में है मिठास

स्वाति सिंह ने कहा कि भोजपुरी हमारी संस्कृति की पहचान है। कहीं पर भी इसे बोलने में शर्म नहीं करनी चाहिए। अधिकांश लोगों को लगता है कि यह ग्रामीण भाषा है, पर भोजपुरी में मिठास के साथ आकर्षित करने की क्षमता है। मारीशस में राजदूत जगदीश गोवर्धन ने कहा कि पहली बार अपनी मातृभूमि आकर गर्व महसूस कर रहा हूं। मातृभूमि के बीच अपनों का साथ पाकर सुखद एहसास हो रहा है। बिहार भोजपुरी अकादमी के अध्यक्ष चंद्रभूषण राय, बीएचयू के प्रो। सदानंद शाही व ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ। आनंद शंकर सिंह ने भोजपुरी की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। संचालन मनोज भावुक, सुरेन्द्र बहादुर सिंह व संयोजक अजीत सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। महोत्सव में विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, प्रो। लल्लन सिंह, अशोक कुमार चौबे आदि मौजूद रहे।

भरत शर्मा ने बांधा समां

महोत्सव के दूसरे सत्र में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इसमें प्रख्यात भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास ने 'दिल्ली, बाम्बे अउर कलकत्ता चाहे रहिया मंसूरी में, पढि़हा लिखिहा कौनो भाषा बाती भइया भोजपुरी में' प्रस्तुति से समां बांध दिया। इसके बाद उन्होंने 'गीत भोजपुरी से अश्लील हटावल जाई, त केतना निम्मन होई जाई' गीत की प्रस्तुति दी।

Posted By: Inextlive