शीत मानसून की वजह से आज देश के कुछ राज्यों में बारिश शुरू होने की आशंका है। आइए जानें आज के मौसम का हाल...

कानपुर। हाल ही में दक्षिण-पश्चिम मानसून जाने के बाद अब पूर्वोत्तर मानसून (शीत मानसून) सक्रिय होता जा रहा है। इस दौरान भारत के उत्तर पूर्व की ओर से चलने वाली हवाओं से तापमान में गिरावट होगी। इससे ठंड में भी इजाफा होगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की आशंका है। कुछ इलाकों में आज काले घने बादल छाए रहेंंगे। तमिलनाडु और पुडुचेरी और केरल में तूफानी हवाएं कहर बरपाएंगी।  

धूल भरी आंधी चलने से बुरा हाल

वहीं हाल ही बने एक फ्रेश वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से अफगानिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में बीते तीन दिनों से हवाएं काफी तेज चल रही हैं। सेंट्रल पाकिस्तान में भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से हालात गंभीर है। इसका असर भारत के कुछ हिस्सों में भी दिख रहा है। पाकिस्तान से सटे दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में कल से धूल भरी आंधी से बुरा हाल है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी तेज हवाएं चलने की आशंका है।  
अलग-अलग मौसम का मिजाज
वहीं आज पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से  2­-3°C ऊपर रहने की संभावना हैं। वहीं यहां एक दिन पहले कुछ इलाकों में काफी कम तापमान तो कुछ इलाकों में काफी ज्यादा तापमान रिकाॅर्ड किया गया है। कल पश्चिम राजस्थान का बाड़मेर देश का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां 38.8°C उच्चतम तापमान दर्ज हुआ था। वहीं पूर्वी राजस्थान का अलवर देश का सबसे ठंडा इलाका रहा।यहां 11.0°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

कहीं कोहरा तो कहीं होगी बारिश

इसके अलावा आज पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में कोहरा छाया रहेगा। इतना ही नहीं आगामी तीन दिनों तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में हल्का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अब तक पूर्वानुमानों में फिलहाल ऐसी कोई परिस्थितियां बनती नहीं दिखाई दे रहीं जिससे अगले 2 से 3  दिनों में देश के ज्यादातर इलाकों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दिखाई दे। वहीं उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश की संभावना बनी है।

मौसम : कहीं बारिश-कोहरा तो कहीं तूफानी हवाएं बिगाड़ सकतीं हालात, जानें आज के मौसम का मिजाज

मौसम : शीत मानसून का असर, पूर्वोत्तर में कोहरा तो दक्षिण में आंधी-तूफान के साथ गरजेंगे बादल

 

Posted By: Shweta Mishra