- सफाई में अनियमितता पाए जाने पर रोका जाएगा पेमेंट

देहरादून, डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन में की जा रही लापरवाही को लेकर नगर निगम ने चेन्नई एमएसडब्ल्यू कंपनी को सख्त चेतावनी दी है। वर्तमान समय में कंपनी 60 वार्डो में कूड़ा कलेक्शन का काम कर रही है। पार्षदों और आम पब्लिक की शिकायत है कि कंपनी के कर्मचारी कूड़ा उठान में लापरवाही बरत रहे हैं। जिससे आस - पास रखे डस्टबिन ओवरफ्लो हो गये हैं। जानवर कूड़े को सड़क पर बिखर देते हैं। जिससे बदबू फैल रही है।

ज्यादा चार्ज वसूली

आम पब्लिक की शिकायत है कि कंपनी की ओर से कूड़ा कलेक्शन का चार्ज ज्यादा वसूला जा रहा है। पास के वार्डो में 50 और दूर के वार्डो में 60 रुपए चार्ज रखा गया है, लेकिन कर्मचारी 100 से 150 रुपए तक वसूल रहे हैं। कंपनी को सख्त चेतावनी दी गयी कि वह निर्धारित किया गया शुल्क ही वसूले।

पेमेंट रोकने की चेतावनी

सफाई व्यवस्था खराब होने पर नगर निगम में भुगतान रोकने की चेतावनी दी है। इससे पहले रैमकी कंपनी पर भी लापरवाही करने पर 36 लाख रुपये जुर्माना लगाया जा चुका है। जबकि हर माह कूड़ा उठा रही कंपनी का भुगतान निगम द्वारा किया जा रहा है। हालांकि अभी तक कूड़ा उठा रही कंपनी का एक बार भी पेमेंट नहीं रोका गया है।

कर्मचारियों की कमी

कंपनी की ओर से वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए कर्मचारी भी तैनात नहीं किए गये हैं। कंपनी निगम के कर्मचारियों के भरोसे कूड़ा उठान का काम कर रही है। जबकि निगम की ओर से कॉन्टेक्ट के समय तय किया गया था कि कंपनी भी अपने कर्मचारियों की भर्ती करेगा, लेकिन अभी तक नहीं की गयी।

--

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही और अधिक शुल्क वसूलने जाने पर कंपनी को सख्त चेतावनी दी गयी है। आदेश को गंभीरता से न लेने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुनील उनियाल गामा, मेयर

Posted By: Inextlive