- नगर निगम ने अब तक वसूले करीब 32 करोड़, अब तीन दिन में छह करोड़ वसूलना है टेढ़ी खीर

- निगम को इस साल हाउस टैक्स का वार्षिक लक्ष्य मिला था 38 करोड़

>Varanasi@inext.co.in

Varanasi

हाउस टैक्स वसूली में नगर निगम साल भर सुस्त रफ्तार से चला। अब जब फाइनेंशियल ईयर की क्लोजिंग सिर पर आयी तो टैक्स वसूली का टारगेट पूरा करने में हाथ पांव फूल रहे हैं। इस बार निगम को हाउस टैक्स वसूली का एनुअल टारगेट 38 करोड़ आठ लाख 70 हजार 156 रुपये था। लक्ष्य के सापेक्ष अब तक यानि 27 मार्च तक 31 करोड़ 87 लाख 74 हजार 974 रुपये वसूले गये। टारगेट पूरा करने में निगम के पास सिर्फ तीन दिन बचे हैं। जबकि वसूली करीब छह करोड़ रुपये की करनी है। लेकिन जिस रफ्तार से अब तक वसूली हुई है उसे देखकर तो नहीं लगता कि निगम इन तीन दिनों में अपने लक्ष्य को पा सकेगा? वहीं मंगलवार देर शाम नगर आयुक्त डॉ। नितिन बंसल ने मीटिंग कर टैक्स वसूली के लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया।

लगाये गये सभी कर्मचारी

नगर निगम के इस वित्तीय वर्ष में हर महीने की एवरेज वसूली करीब सवा दो करोड़ रुपये रही। लेकिन मार्च में टारगेट पूरा करने का प्रेशर बढ़ने पर वसूली में तेजी आ गई। इस महीने मंगलवार तक निगम ने 98 सौ घरों से चार करोड़ 16 लाख रुपये वसूले। अब तक एक लाख 15 हजार 989 घरों से वसूली की जा सकी है। कर विभाग के सभी कर्मचारियों को टारगेट पूरा करने के लिए लगाया गया है।

मोहल्लावाइज कर िनर्धारण

शहर में 90 वार्ड हैं। नगर निगम सर्किल और मोहल्लावाइज सालाना हाउस टैक्स के रेट तय करता है। घर का क्षेत्रफल और कमरों की संख्या के हिसाब से दरें बढ़ती हैं। हर साल नए वित्तीय वर्ष एक अप्रैल से 31 मार्च तक वसूली का टारगेट फिक्स किया जाता है। 31 मार्च तक टैक्स न जमा करने पर 12 फीसदी पेनाल्टी भी देनी होती है। हाउस टैक्स लोग खुद भी जमा करते हैं। साथ ही कर्मचारी डोर-टू-डोर जाकर बकाया वसूली करते हैं।

तीन दिन में छह करोड़

विभागीय सूत्रों के मुताबिक बुधवार तक 32 करोड़ से ज्यादा वसूली की जा चुकी थी। हाउस टैक्स की वसूली का टारगेट पूरा करने की समय सीमा में महज तीन दिन बचे हैं। इस दौरान करीब छह करोड़ रुपये की वसूली होनी है। यानी रोज दो करोड़ रुपये वसूले जाएंगे, तब टारगेट पूरा होगा। मार्च महीने में रोज की एवरेज वसूली करीब 16 लाख रुपये हुई है।

- शहर में भवनों की संख्या 186213

- निगम के कर विभाग में अधिकारी-कर्मचारी 90

- हाउस टैक्स का ईयरली टारगेट 380870156 रुपये

- 27 मार्च तक वसूली 318774974 रुपये

- अब तक 115989 घरों से वसूली

- मार्च महीने में एवरेज वसूली रोज 16 लाख

हाउस टैक्स वसूली का टारगेट पूरा करने प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए कर विभाग के सभी कर्मचारी लगाए गए हैं। छुट्टी के दिन भी कर जमा होगा।

मोतीलाल सिंह, प्रभारी नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive