चार सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे कर्मचारी

दो दिनी हड़ताल के पहले दिन जगह-जगह कर्मचारियों ने की सभा

PRAYAGRAJ: पुरानी पेंशन बहाली सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर हजारों सरकारी कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों में धरना प्रदर्शन और सभाओं का दौर चलता रहा। उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ के आहवान पर विकास भवन में केंद्रीय सभा का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित हुए।

पहले दिन भरी हुंकार

विकास भवन प्रांगण में सुबह दस बजे से कर्मचारी एकत्र होने लगे थे। 24 विभागों के हजारों कर्मचारियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष नरसिंह औंर संचालन महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने की। मौके पर अजीत श्रीवास्तव, भरतलाल शुक्ला, जितेंद्र कुशवाहा, त्रिवेणी प्रसाद, रामचंद्र यादव, एजाज अहमद, लालजी सिंह आदि ने संबोधित किया। आल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर ने नौ जनवरी को हड़ताल को समर्थन देने की अपील की है। संगठन की जिला इकाई बुधवार को पीडी टंडन पार्क सिविल लाइंस से निकलने वाले जुलूस में शामिल होंगी।

ये भी हड़ताल में रहे शामिल

आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की यूनियन इंडियन पाइप लाइन व‌र्क्स यूनियन बाटलिंग प्लांट, बैंक, बीमा, बिजली, लोनिवि, श्रमिक यूनियन आदि ने आठ जनवरी को राष्ट्रीय हड़ताल का समर्थन किया। राजकिशोर, आरसी यादव, ब्रिजेंद्र प्रताप सिंह, आरपी कैथल, एसपी शर्मा, रामफेर तिवारी ने हड़ताल की सफलता पर कर्मचारियों को बधाई दी। इसी क्रम में नार्थ सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज संघ के महामंत्री आरपी सिंह के निर्देश पर मंडलमंत्री गोविद सिंह के नेतृत्व में काला दिवस मनाकर मोटर साइकिल जुलूस निकाला गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नई पेंशन स्कीम को रद नहीं किया तो रेल कर्मचारी चक्का जाम करेंगे। एसके मिश्रा, आलोक सहल, श्यामजी शुक्ला, राजीव वर्मा, राकेश चौधरी आदि उपस्थित रहे।

इसी तरह नेशनल एसोसिएशन आफ पोस्टल इम्प्लाइज ग्रुप सी, इलाहाबाद डिवीजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज यूनियन के कर्मचारियों ने भी कार्य बहिष्कार किया। आयकर कर्मचारी महासंघ के आहवान पर आईटीईएफ के सदस्यों ने आयकर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मौके पर कामरेड मकरध्वज, जोनल सचिव कामरेड दीपक कुमार सिंह, अवधेश कुमार, नागेंद्र सिंह ने सभा को संबोधित किया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उप्र के कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार जार्जटाउन में प्रदर्शन किया। यह आंदोलन इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल 2018 के विरोध में था। जिसमें अधीक्षण अभियंता मो। तारिक जलील, सुजीत कुमार, अमरेश सिंह, जवाहर लाल विश्वकर्मा, संयोजक सीताराम उपस्थित रहे।

बैंकों में भी प्रभावित रहा कामकाज

हड़ताल के चलते कई बैंकों में भी कामकाज प्रभावित रहा। बैंक आफ बड़ौदा, एसबीआई, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक आदि में कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के भी हड़ताल में शामिल हो जाने से कई तरह की परेशानियां पेश आई। टीकाकरण सहित तमाम योजनाएं प्रभावित रहीं।

Posted By: Inextlive