- 161 करोड़ की 576 योजनाओं का किया उद्घाटन और लोकार्पण

- लखनऊ को देश का सबसे खूबरसूरत शहर बनाने की घोषणा

LUCKNOW : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री व सांसद राजनाथ सिंह ने लखनऊ पर सौगातों की बारिश कर दी। कुडि़याघाट पर आयोजित समारोह में गृह मंत्री ने राजधानी के लिये 161 करोड़ की लागत की 576 योजनाओं का उद्घाटन व लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अटल जी ने लखनऊ के विकास का जो सपना देखा था, वह जल्द पूरा होगा। आने वाले पांच साल में लखनऊ को देश का सबसे खूबसूरत शहर बनाया जाएगा।

यातायात गति पकड़ेगा तो विकास भी दौड़ेगा

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। गोमतीनगर और ऐशबाग रेलवे स्टेशनों का विस्तार हो रहा है। चारबाग रेलवे स्टेशन भी विश्वस्तरीय बनेगा। अमौसी एयरपोर्ट भी लगातार बढ़त की ओर है। इसके साथ ही राजधानी के बाहरी हिस्से में बन रहे किसान पथ (आउटर रिंग रोड) का निर्माण जल्द पूरा होगा। जिसके बाद राजधानी का नक्शा ही बदल जाएगा। इस रोड का निर्माण पूरा होते ही राजधानी का यातायात गति पकड़ लेगा। जिसके बाद विकास भी खुद-ब-खुद दौड़ने लगेगा।

दो और पुलों का होगा शिलान्यास

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि हुसैनगंज-राजेंद्र नगर मोड़ ओवरब्रिज, हैदरगंज-मीना बेकरी ओवरब्रिज और हैदरगंज से चरक चौराहे तक मंजूर किये गए ओवरब्रिज का काम शुरू हो चुका है। इन ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होते ही पुराने शहर में ट्रैफिक की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। इसी के साथ पुराने शहर में जल्द ही दो और पुलों का शिलान्यास होगा।

बॉक्स

प्रत्यूषमणि के आश्रितों को दस लाख और आवास

भाजपा कार्यकर्ता प्रत्यूषमणि त्रिपाठी के परिवारजन को केंद्रीय गृहमंत्री ने दस लाख रुपये का चेक और आवास के कागजात सौंपे। प्रत्यूष की बीते दिनों एक घटना में मौत हो गई थी।

बॉक्स

अटल और टंडन की कमी खल रही

डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा ने कहा कि आज अटल जी के साथ लालजी टंडन की भी कमी खल रही है। उन्होंने कहा कि टंडन जी बिहार में राजकीय कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते शामिल नहीं हो सके। हमेशा आज के दिन उनके साथ तहरी भोज में शामिल होता था।

Posted By: Inextlive