-पुलिस की भनक लगते ही पत्नी फरार, पति चढ़े पुलिस के हत्थे

-बैंक कर्मियों ने दंपत्ति को बैठाकर पूलिस को दी सूचना

PATNA: अगर आप बैंक से निकासी कर रहे हैं तो सजग हो जाइए। ठग आपके साथ कभी भी ठगी कर सकते हैं। नया मामला कंकड़बाग थाने की है। जहां पर एक दंपत्ति चेक क्लोन कर रुपए निकाल लेते थे। इसका भंडाफोड़ तब हुआ जब ये लोग बैंक में रुपए निकालने गए। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पत्नी फरार हो गई। जानकारी के अनुसार गया निवासी प्रवीण कुमार के खाते के साढ़े आठ लाख रुपए के दो फर्जी चेक जालसाज प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने पत्नी गुडि़या के बैंक अकाउंट में जमा किए थे। शुक्रवार को दंपत्ति रुपए की निकासी करने पहुंचे, तभी बैंक कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आते ही गुडि़या फरार हो गई, जबकि प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया।

3 बार में खाते से हुई निकासी

गया के रहने वाले प्रवीण कुमार का खाता यूनियन बैंक में है। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के यारपुर निवासी प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने उनके चेक की क्लोनिंग (डुप्लीकेट चेक) बनाकर उस पर फर्जी हस्ताक्षर भी कर दिए। उस फर्जी चेक को पत्नी गुडि़या के बैंक खाते में जमा कर तीन बार में 2 लाख 89 हजार रुपए की निकासी कर ली। तीन बार खाते से रुपए गायब होने पर गया निवासी प्रवीण ने बैंक में शिकायत की थी।

चौथे बार में हुआ गिरफ्तार

इसकी जानकारी जालसाज को नहीं थी। उसने फिर चार लाख 60 हजार और तीन लाख 90 हजार रुपए के दो चेक गुडि़या के खाते में जमा किए। जालसाज प्रवीण पत्नी के साथ रुपए की निकासी करने पहुंचा था। बैंक कर्मियों ने बहाना कर उसे बैठा लिया और कंकड़बाग पुलिस को इसकी जानकारी दी। प्रवीण ने पकड़े जाने के बाद अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पूछताछ करने में जुटी पुलिस

पुलिस ने जिस आरोपी पिूंट को गिरफ्तार किया है। उसने पूछताछ में बताया कि वो और रुपए दो चेक के माध्यम से निकालने का प्रयास किया था। एक चेक में 3 लाख 90 हजार और दूसरे चेक में 4 लाख 60 हजार रुपए निकालने का प्रयास किया था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मामले में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पीयू से उड़ाया था 4 लाख रुपए

पटना में चेक का क्लोन कर धोखाधड़ी करने का मामला काफी पुराना है। यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी वारदातें हो चुकी है। हैरत की बात ये है कि पटना यूनिवर्सिटी का चेक क्लोन कर साइबर अपराधियों ने खाते से 4 लाख रुपए उड़ा लिया था। मामले में पीरबाहोर थाने में इसकी शिकायत की गई थी। ठग ने फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से रुपए निकाल लिया था.ऐसी वारदातें पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है।

Posted By: Inextlive