निकाय चुनाव में आस्था का अनूठा तड़का

dehradun@inext.co.in
DEHRADUN : निकाय चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशी इन दिनों जमकर पसीना बहा रहे हैं। सभी जीत का इरादा रखते हैं और प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। बिजी शेड्यूल के चलते प्रत्याशी भगवान के दरबार में भी ऑनलाइन हाजिरी लगा रहे हैं। वे व्हाट्सएप पर कॉल कर पंडितों की बताई पूजा कर रहे हैं। साथ ही अपने दोषों का निवारण करते हुए भगवान से जीत के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं।

व्हाट्सएप से सीधी पूजा

एक तरफ निकाय चुनाव प्रचार और दूसरी ओर फेस्टिव सीजन होने के चलते प्रत्याशी इन दिनों बेहद व्यस्त हैं। उनका पूरा फोकस फील्ड में हैं। एक दिन में अधिक से अधिक मोहल्ले कवर करने पर प्रत्याशी लगे हुए हैं। कोई भी शुभ काम हो, ऐसे में भगवान को कोई भला कैसे भूल सकता है। इसका तोड़ निकालते हुए प्रत्याशियों ने पंडितों से व्हाट्सएप कॉलिंग की बुकिंग करा ली है और फील्ड में जहां भी समय मिल रहा है वे ऑनलाइन पूजा-अनुष्ठान कर रहे हैं।

इस तरह की करवा रहे पूजा

डा। आचार्य सुशांत राज के अनुसार निकाय चुनाव में व्यस्तता के चलते प्रत्याशियों ने यह रास्ता निकाला है। वह अपनी-अपनी जन्मपत्री, ग्रहों के अनुसार पूजा करवा रहे हैं। कुल की पूजा, कालसर्प दोष दूर करने की पूजा, नवग्रह पूजा, स्वास्थ्य लाभ की पूजा और बृहस्पति जी अस्त होने के चलते अनुष्ठान कराए जा रहे हैं।

पूजा के साथ ग्रहों के अनुसार उपाय

सूर्य- सूर्यदेव राजयोग प्रदान करते हैं, प्रचार करते समय लाल कपड़ा जेब में रखकर निकलें।

चंद्रमा- चंद्रमा शीतलता प्रदान करते हैं। बीपी कंट्रोल करने, जुकाम आदि होने पर चावल का दाना पर्स में रखकर प्रचार में निकलें।

बुध- बुध बुद्धि का विकास करते हैं। समाज में मान-सम्मान बढ़ाते हैं, ऐसे में हरा चारा गाय को देकर प्रचार में निकलें।

बृहस्पति- बृहस्पतिदेव ज्ञान, पढ़ाई, नौकरी, बिजनेस आदि में तरक्की प्रदान करते हैं। मंदिर में पीला फल चढ़ाने और दान करने के बाद प्रचार में निकलें।

शुक्र- शुक्र जी लक्जरी वाली जिंदगी प्रदान करते हैं। चर्म रोग में रोकथाम करते हैं। कोढि़यों को सफेद सामान देकर निकलें।

शनि- शनि जी मकान का सुख, वाहन का सुख आदि प्रदान करते हैं। इनको खुश करने के लिए गरीब को कंबल दान कर चुनाव प्रचार में निकलें।

 

इन दिनों चुनाव प्रचार में बेहद बिजी हैं। फिर दीपावली के लिए घर की शॉपिंग। मंदिर तक निकलना नहीं हो पा रहा है तो पंडित से वीडियो कॉलिंग पर ही पूजा करवा रहे हैं।

- नंदिनी शर्मा, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड नंबर-12, किशन नगर

 

रोज सुबह से रात तक फील्ड में निकलना होता है। घर-घर जाकर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। ऐसे में पंडित से बात कर वीडियो कॉलिंग के जरिए पूजा का रास्ता निकाला। पूजा कर सभी तरह के दोष दूर कर रहे हैं। लगातार 11 दिनों तक पूजा होनी है।

- दिनेश भंडारी, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड नंबर- 30, डालनवाला, दक्षिण

Posted By: Inextlive