लापरवाही

-15 दिसंबर को रिपोर्ट देनी है केंद्र सरकार को

-रांची नगर निगम ने न आम लोगों की राय ली, न वेबसाइट, ईमेल व ट्विटर पर ड्राइव चलाया

-15 लाख की आबादी वाले शहर के अधिकतर लोग नहीं दे पाए अपनी राय

-14 सितंबर को ही अधिकारियों ने शहर के हर व्यक्ति का व्यू लेने की कही थी बात

RANCHI: रांची को स्मार्ट सिटी कैसे बनाया जाए। इसका प्रपोजल रांची नगर निगम को 15 दिसंबर तक केंद्र सरकार को सौंप देना है। लेकिन, नगर निगम की लापरवाही का नतीजा यह है कि मात्र 10 दिन पहले तक फेसबुक पर स्मार्ट सिटी को सिर्फ 840 लाइक ही मिले हैं। जबकि नगर निगम क्षेत्र की कुल आबादी करीब 15 लाख है। इतना ही नहीं, स्मार्ट सिटी के लिए नगर निगम को जनप्रतिनिधियों के अलावा आम लोगों की भी राय लेनी थी, लेकिन रांची नगर निगम ने आम लोगों की राय ली ही नहीं। आलम यह है कि बिना तैयारी के नगर निगम रांची को स्मार्ट सिटी बनाने जा रहा है। मालूम हो कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना में रांची के शामिल होने के बाद एचईसी एरिया में इसके लिए जगह भी चिन्हित हो चुका है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नहीं चला ड्राइव

स्मार्ट सिटी रांची को लेकर लोग अधिक से अधिक संख्या में अपना व्यू शेयर कर सकें। इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म यानी वेबसाइट, ईमेल, फेसबुक, ट्वीटर पर ड्राइव चलाने की घोषणा नगर निगम ने 14 सितंबर को ही की थी। लेकिन तीन महीने में नगर निगम सिर्फ फेसबुक पर ही एक पेज बना पाया। इसे अपडेट करने में भी सिर्फ खानापूर्ति की गई। जबकि अधिकारियों ने कहा कि था कि स्मार्ट सिटी को लेकर रांची नगर निगम अपनी वेबसाइट पर भी एक लिंक देगा। लेकिन न रांची नगर निगम की वेबसाइट पर स्मार्ट सिटी का लिंक दिया गया और नहीं टिवटर पर इसका अकाउंट खुला। नतीजन, 15 लाख की जनसंख्या वाले रांची नगर निगम क्षेत्र के मात्र 840 लोगों ने ही फेसबुक पेज को लाइक किया।

55 वार्डो में नहीं हुआ डिस्कशन

रांची नगर निगम ने घोषणा की थी कि रांची को स्मार्ट सिटी बनाने में शहर के सभी नागरिकों का व्यू लिया जाएगा। इसके लिए रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी 55 वार्डो में डिस्कशन का आयोजन कराकर लोगों की राय ली जाएगी। लेकिन, रांची नगर निगम ने कुछ ही वार्ड में डिस्कशन करा कर इसकी खानापूर्ति कर ली।

वर्जन

रांची को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ सभी जनप्रतिनिधियों व आम जनता को भी स्मार्ट बनना होगा। इसीलिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में सभी का व्यू लेने की प्रक्रिया चल रही है। सोशल नेटवर्किंग साइट पर अगर कुछ कमी रही गई है, तो उसे दूर किया जाएगा।

-प्रशांत कुमार, नगर आयुक्त, रांची नगर निगम

Posted By: Inextlive