- मासूमगंज निवासी सहोदर भाई गए थे ताऊ के अंतिम संस्कार में

- घाट पर जुटी है सैकड़ों लोगों की भीड़, चीत्कार से माहौल गमगीन

 

PATNA/ CHAPRA : प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के काफी प्रयास के बाद रविवार को रिविलगंज स्थित सरयू नदी में डूबे सोनू का शव नदी से बाहर निकाला गया। तीसरे शव की खोज अभी जारी है। घाट पर परिजनों सहित सैकड़ों की भीड़ जुटी है। सोनू का शव पानी से बाहर आते ही परिजनों के ह्रदय विदारक चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। सोनू के शव से लिपटकर रो रहे परिजनों को सन्त्वना देने की लोगों की लाख कोशिश भी कम पड़ रही थीं।

 

चर्चा यही रही कि अपनों को खोने का गम कैसा होता है यहां सहज देखा जा सकता है। एक ही घर के तीन लाल जहां एक साथ काल के गाल में समा गए हों तो समझा जा सकता है कि उस परिवार पर क्या गुजर रही होगी। खैर भगवान के आगे किसी की नहीं चलती। बता दें कि भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मासूमगंज निवासी रामनाथ राय के तीन लड़के सोनू, धन्नू व विशाल रिविलगंज के सेमरिया घाट स्थित सरयू नदी में शनिवार को नहाने के दौरान डूब गए थे। तीनों अपने बड़े पापा स्व। गोपीचन्द राय की चिता जलाने शमशान घाट पर आए थे।

 

धन्नू का शव शनिवार को ही निकाल लिया गया। इस संबंध में परिजनों द्वारा अपदा प्रबंधन विभाग पर शनिवार को लाश खोजने में लापरवाही का आरोप लगाया गया था। देर शाम एनएच-क्9 स्थित गोरिया छपरा चट्टी के पास सड़क जाम भी किया गया था। मौके पर पहुंचकर एएसपी, डीसीएलआर, बीडीओ आदि वरीय पदाधिकारी ने लोगों को समझा बुझा कर जाम तुड़वाया। इसी कड़ी में रविवार की सुबह से ही शवों की खोजबीन शुरू हो गई। सुबह नौ बजे के आसपास सोनू के शव को पानी से बाहर निकाला लिया गया। अभी तीसरे शव की तलाश जारी है। फिलहाल दो शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये छपरा भेज दिया है। विशाल का शव अभी तक नहीं मिलने से परिजन सहित प्रशासन परेशान है। देर शाम तक शव की खोजबीन जारी थी।

Posted By: Inextlive