RANCHI : जय भोले नाथ के जयकारे से रविवार को पहाड़ी मंदिर गूंज उठा। 18वें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची। दोपहर एक बजे पहाड़ी बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। उसके बाद बाबा को छप्पन भोग लगाया गया। शाम तक बाबा का प्रसाद ग्रहण करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

जीवंत प्रदर्शनी के माध्यम से भगवान शंकर के विभिन्न रूप और ज्योतिर्लिग को दर्शाया गया। मंदिर के मुख्य हॉल में लगे प्रदर्शनी को देखने के लिए हर कोई उत्साहित था। भजन प्रभारी इंद्रदेव प्रसाद चौधरी के संरक्षण में मदन सोनी अपनी भजन मंडली के साथ भजन गा रहे थे। देर शाम तक चले भजन कार्यक्रम के बाद रात्रि आठ बजे बाबा की महाआरती की गई।

फूलों से सजा है मंदिर

श्री शिव मंडल रांची की ओर से वार्षिकोत्सव को खास बनाने के लिए मंदिर परिसर को लाइट्स और फूलों से सजाया गया है। इस उपलक्ष्य में पहाड़ी मंदिर में सात तोरण द्वार बनाए गए है।

प्रकाश उत्सव में लोगों ने छका लंगर

रविवार को गुरु गोविंद सिंह का 348वां प्रकाश उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर पीपी कम्पाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल परिसर में सहज पाठ किया गया, साथ ही विशेष दीवान सजाया गया। इस मौके पर स्कूल परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। जगह-जगह पर प्रकाश पर्व की बधाईयों वाले बैनर और पोस्टर लगे थे। प्रकाश उत्सव में अमृतसर और देहरादून से आया रागी जत्था शामिल हुआ। इस दौरान कथावाचक ने गुरु महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला। लंगर में बड़ी संख्या में सभी धर्मो के लोग शामिल हुए और लंगर छका। प्रकाश पर्व के मौके पर सिटी के मेन रोड गुरुद्वारा, कडरू गुरुद्वारा, रातू रोड गुरुद्वारा को आकर्षक तरीके से सजाया गया था।

Posted By: Inextlive