पाकिस्‍तान चुनाव आयोग ने हाल ही में एक सूची जारी की है जिसके मुताबिक पाकिस्‍तान के वजीरे आजम की निजी संपत्ति दो अरब से भी अधिक की आंकी गई है। पिछले कुछ सालों में ही उनकी संपत्ति में इजाफा हुआ है। इसके साथ ही वह पाकिस्‍तान के सबसे दौलतमंद नेता बन कर उभरे हैं। हलांकि उनका नाम पनामा पेपर्स लीक मामल में भी था।


चार सालों में बढ़ी एक अरब से अधिक की संपत्तिपनामा पेपर्स लीक विवाद के बीच पाकिस्तान के वजीरे आजम नवाज शरीफ दो अरब रूपये की निजी संपत्ति के साथ देश के सबसे अधिक दौलतमंद नेता के तौर पर उभरे हैं। महज चार साल में उनकी संपत्ति में करीब एक अरब रूपये का इजाफा हुआ है। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने गुरुवार को 2015 के लिए शरीफ की संपत्ति का ब्योरा जारी किया जिसके बारे में उन्होंने कानून के मुताबिक चुनाव संस्था को अपनी मौजूदा संपत्ति के बारे में सूचित किया था। शरीफ और उनकी पत्नी की संपत्ति की कीमत करीब दो अरब रूपये है। पिछले चार साल में उनकी संपत्ति में एक अरब रूपये से अधिक का इजाफा हुआ है। 60 करोड़ से अधिक रुपये नवाज के बेटे ने दिए
2011 में उनकी संपत्ति की कीमत 16.6 करोड़ रूपये थी। 2012 में यह बढ़कर 26.16 करोड़ रूपये पहुंच गई। 2013 में 1.82 अरब रूपये की संपत्ति के साथ उन्हें अरबपति घोषित किया गया। चुनाव आयोग ने बताया कि शरीफ को 2015 में उनके बेटे हुसैन नवाज से 21.5 करोड़ रूपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई थी। इससे पहले उनके बेटे ने 2014 और 2013 में उन्हें क्रमश: 23.9 करोड़ रूपये और 19.75 करोड़ रूपये की राशि भेजी थी। नवाज शरीफ अब देश की कौमी असेंबली के गिने चुने अरबपतियों में से एक हैं। अन्य अरबपतियों की बात करें तो पेट्रोलियम मंत्री शाहिद खाकान अब्बासी, खबर पख्तुनख्वा के सांसद खयाल जमां और साजिद हुसैन तूरी भी शामिल हैं।

Posted By: Prabha Punj Mishra