-दो लाख, 74 हजार रुपए कैश के साथ गोली बरामद, हथियार समेत भाग निकले दो अपराधी

patna@inext.co.in
ARA/PATNA :
भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना अन्तर्गत आरा- अरवल मुख्य मार्ग पर जयनगर-खरौनी के समीप बुधवार की देर रात ट्रकों से रंगदारी पूर्वक अवैध वसूली करते तीन अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा। जबकि, उनके दो साथी फाय¨रग करते हुए भाग निकले। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक उजले रंग की स्कार्पियो गाड़ी के अलावा दो लाख 74 हजार रुपए कैश और गोली भी बरामद किया है। यह जानकारी गुरुवार को भोजपुर एसपी आदित्य कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उदवंतनगर थाना के बेलाउर निवासी स्व। राम दयाल चौधरी के पुत्र कामाख्या नारायण चौधरी, नारायणपुर थाना के नारायणपुर गांव निवासी अवधेश कुमार के पुत्र रोहित कुमार और अजिमाबाद थाना के बड़गांव निवासी रणधीर सिंह के पुत्र पुरूषोतम कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को गिरफ्तार किया है।

गोलीबारी करते हुए दो फरार

एसपी के अनुसार, उदवंतनगर थाना अन्तर्गत आरा-अरवल मार्ग पर जयनगर-खरौनी गांव के बीच अपराधी उजले रंग की स्कार्पियो गाड़ी की मदद से ट्रकों को रोककर अवैध वसूली कर रहे थे। इस दौरान रंगदारी पूर्वक ट्रकों से वसूली की शिकायत मिलने पर उदवंतनगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने सशस्त्र बल के साथ वहां छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कामाख्या चौधरी, रोहित कुमार व पुरूषोत्तम सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को धर दबोचा। जबकि, जितेन्द्र पासवान एवं बबलू सिंह फाय¨रग करते हुए भाग निकले। पकड़े गए अपराधियों के पास से स्कार्पियो के अलावा दो लाख 74 हजार पांच सौ रुपये नकद, तीन मोबाइल, 7.65 एमएम का दो गोली का खोखा एवं कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने रंगदारी, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने एवं आ‌र्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जिसमें पकड़े गए कामाख्या चौधरी, रोहित कुमार व पुरूषोत्तम सिंह उर्फ चुन्नू सिंह के अलावा पूर्वी गुमटी,आरा के जितेन्द्र पासवान व बड़गांव, अजिमाबाद निवासी बबलू सिंह को आरोपी बनाया गया है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष राजीव रंजन, दारोगा महेश प्रसाद समेत सशस्त्र बल के जवान कैलाश ठाकुर, शंकर गुप्ता, विकास कुमार प्रियांशु कुमार शामिल थे। बताया गया कि गाड़ी पर अंकित रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए मालिक के बारे में पता लगाया जा रहा है। वैसे शुरूआती जांच में ज?त स्कार्पियो रोहित की बताई जाती है।

पहले चलाता था थाने की गाड़ी

नारायणपुर निवासी रोहित सिंह पहले थाने का सरकारी गाड़ी भी प्राइवेट से चलाया करता था। इसलिए वह पुलिसिया अंदाज से पहले से वाकिफ था। ट्रकों से अवैध वसूली करने में मदद भी मिलती थी। सूत्रों ने बताया कि आरा के एक थाने में जरूरत पड़ने पर वह गाड़ी चलाने जाया करता था। इसी आड़ में वह वसूली का धंधा भी चला रहा था।

स्कार्पियो पर जिला महामंत्री का बोर्ड

उदवंतनगर थाना पुलिस ने अवैध वसूली के मामले में उजले रंग की जिस स्कार्पियो को जब्त किया हैं, उस पर लाल रंग का एक बोर्ड भी लगा है। जिस पर युवा मोर्चा का जिला महामंत्री लिखा हुआ पाया गया है। एसपी आदित्य कुमार ने बताया कि घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो किस का हैं,इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।

 

पकड़े गए अपराधी अपने को पुलिस वाला बताकर आरा-अरवल मार्ग पर जयनगर-खरौनी के बीच उजले रंग की स्कार्पियो की मदद से रात में ट्रक रोककर अवैध वसूली कर रहे थे। रंगदारी पूर्वक ट्रकों से वसूली की शिकायत मिलने पर उदवंतनगर थानाध्यक्ष ने छापेमारी की।

-आदित्य कुमार, एसपी, भोजपुर

Posted By: Inextlive