परिजनों की अनुपस्थिति के कारण गुरुवार शाम तक महेन्द्र के शव का नहीं हो सका पोस्टमार्टम

ALLAHABAD: फूलपुर एरिया में बुधवार की रात पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात डकैत महेन्द्र पासी उर्फ धोनी के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस दिन भर महेन्द्र के घर वालों का इंतजार करती रही। पुलिस ने चित्रकूट पुलिस से संपर्क करके महेन्द्र के घर उसके मारे जाने की सूचना पहले ही भेज दी थी। महेन्द्र के भाई से पुलिस ने संपर्क भी कर लिया था, इसके बाद भी वह गुरुवार की दोपहर तक नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने आखिर में शाम को महेन्द्र के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया। वहीं दूसरी ओर मुठभेड़ में घायल इंस्पेक्टर संजय राय की हालत में सुधार हो रहा है। संजय को एसआरएन हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट कराया गया है।

देर शाम पुलिस के पास पहुंचा भाई

फूलपुर में बुधवार की रात पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी डकैत महेंद्र पासी का भाई देर शाम पुलिस के पास पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उससे सभी आवश्यक दस्तावेजों पर दस्तखत लिए। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम कराने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इस बारे में एसपी गंगापार सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उसका भाई देर शाम थाने पहुंचा। पुलिस महेन्द्र के घर वालों से बातचीत कर रही है। अगर उसके परिजनों की इच्छा हुई तो रात में ही उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा, नहीं तो शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।

दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

बुधवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी गंगापार ने बताया कि मुठभेड़ के समय शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इसके कारण अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुठभेड़ में फरार बदमाश की तलाश में पुलिस जुटी है।

Posted By: Inextlive